- कैप्टन अमरिंदर ने कहा, विचलित कर देने वाली है यह खबर
जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पंजाब में विधानसभा चुनाव सिर पर है। सीमा पार से नशा और हथियार तस्करी के मामलों के कारण प्रदेश हाईअलर्ट पर है। शनिवार और रविवार को बेअदबी के दो मामलों में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि गुरुवार दोपहर लुधियाना कोर्ट में बम ब्लास्ट से सनसनी फैल गई। गुरुवार को ही दुष्कर्म मामले में विधायक सिमरजीत सिंह बैंस सहित अन्य की पेशी भी थी।
लुधियाना पहुंचे सीएम चरणजीत सिंह चन्नी
सीएम चरणजीत चन्नी ने कहा कि मैं लुधियाना हूं। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व ऐसी हरकत कर रहे हैं। सरकार अलर्ट पर है। दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी जांच में मिलेगा छोड़ेंगे नहीं।
दुष्कर्म मामले की पीड़िता के वकील एडवोकेट हरीष राय ढांडा ने बताया कि वह आज पेशी होने के चलते कुछ लेट हो गए थे, इसलिए तेजी के साथ अदालत की तरफ जा रहे थे। दूसरी मंजिल पर अभी वह कुछ दूरी पर पहुंचे थे कि ब्लास्ट हो गया। इस ब्लास्ट में वह बाल बाल बचे। उनका आरोप है कि यह ब्लास्ट उन्हें मारने की साजिश थी। इस धमाके में एक व्यक्ति के मरने की खबर है। पुलिस को बाथरूम के अंदर से एक शव मिला है।
शव के चिथड़े उड़ चुके हैं। ऐसे में संभावना है कि यही व्यक्ति बम रखने आया था। हालांकि पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने कहा कि मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। या तो वो विस्फोटक के साथ आया था या उसके आस पास था। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। बाकी चार घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

