- बोले-मेरठ को जल्द मिले सौगात, टनलिंग कार्य भी देखा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में चल रहे रैपिड और मेट्रो के निर्माण कार्य की प्रगति को देखा। उन्होंने दिल्ली गाजियाबाद मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर की जानकारी ली और कहा कि सौभाग्य की बात है कि देश की पहली रैपिड रेल मेरठ में शुरु होने जा रही है। उन्होंने इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिये। इस मौके पर मुख्यमंत्री को एक प्रदर्शनी के माध्यम से आरआरटीएस के कार्यों का अवलोकन कराया गया।
मुख्यमंत्री ने रेपिड के अधिकारियों से बारीकियां पूछी और फोटो प्रदर्शनी में रुचि भी ली। मुख्यमंत्री को बताया गया कि रिकार्ड समय में 17 किलोमीटर के सेक्शन पर उल्लेखनीय कार्य किया गया है। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक विनय कुमार सिंह ने फोटो प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री को परियोजना के पूरा करने के दौरान की महत्वपूर्ण उपलब्धियों और एनसीआरटीसी द्वारा परियोजना के कार्यान्वयन में विभिन्न तकनीकों के बारे में बताया।
मुख्यमंत्री आरआरटीएस कॉरिडोर के निर्माण की गति को देखकर खुश हुए और बोले कि इससे मेरठ और दिल्ली मिनटों में पहुंचा जाएगा। मुख्यमंत्री ने भैंसाली स्टेशन पर किए जा रहे कार्य को देखा। मुख्यमंत्री को बताया गया कि मेरठ सेंट्रल और बेगमपुल, दोनों स्टेशनों की दिशाओं में सुरंग बनाने के लिए चार टनल बोरिंग मशीन को भैंसाली में उतारा जाएगा।
एक टीबीएम ने भैंसाली बस अड्डे से सेंट्रल तक करीब दो किलोमीटर लंबी सुरंग बनाने का काम शुरू भी कर दिया है। बताया गया कि आरआरटीएस कॉरिडोर पर दो डिपो स्टेशनों सहित 25 स्टेशन होंगे। लोकल ट्रांजिट की जरुरत के लिए 21 किलोमीटर की अवधि में 13 स्टेशनों के साथ मेरठ में आरआरटीएस नेटवर्क पर लोकल ट्रांजिट सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं।

