- थापर नगर स्थित गुरुद्वारे के पीछे चल रहा निर्माण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: थापर नगर स्थित गुरुद्वारे के एकदम पीछे आवासीय क्षेत्र में व्यवसायिक निर्माण चल रहा है। यह पुराना मकान तोड़कर व्यवसायिक निर्माण किया जा रहा है। ऐसा निर्माणकर्ता के पड़ोसी आशीष ने आरोप लगाया है। इसकी शिकायत मेरठ विकास प्राधिकरण को की है। हालांकि प्राधिकरण के इंजीनियर महादेव शरण का कहना है कि आवासीय में बिल्डिंग का मानचित्र स्वीकृत है। यदि व्यावसायिक गतिविधियां वहां संचालित की जाएगी तो बिल्डिंग का ध्वस्तीकरण कर दिया जाएगा।

आशीष ने प्राधिकरण उपाध्यक्ष को दी शिकायत में कहा है कि पुराने मकान को तोड़कर व्यवसायिक बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। इसकी शिकायत की गई, लेकिन बावजूद उसके मेरठ विकास प्राधिकरण के इंजीनियरों ने निर्माण कार्य नहीं रुकवाया। प्राधिकरण इंजीनियरों की आंखों में निर्माणकर्ता धूल झोंक रहा है, जिसके चलते आवासीय का मानचित्र स्वीकृत कराकर व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा है।
नाले में गिरने से युवक की मौत
कंकरखेड़ा: क्षेत्र में कैलाशी हॉस्पिटल के पास नाले से एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। थाना इंस्पेक्टर विष्णु कौशिक ने बताया कि डिफेंस निवासी उमेश नगर निगम में संविदा कर्मचारी हैं। उमेश का बेटा करीब 35 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजा शादीशुदा था। मंगलवार को राहगीरों ने कैलाशी हॉस्पिटल के पास नाले में एक शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह शव को बाहर निकलवाया। मौजूद भीड़ के लोगों ने ही मृतक की शिनाख्त की। जिसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। पीड़ित परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त राजकुमार उर्फ राजा के रूप में की। इंस्पेक्टर ने बताया कि नाले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें राजकु़मार नशे की हालत में लड़खड़ाता हुआ नाले तक पहुंचा और 9:21 बजे एकाएक नाले में गिरा। पुलिस ने शव मर्चरी पहुंचा दिया।

