जनवाणी ब्यूरो |
हरिद्वार/ लक्सर: बाडीटीप गांव में धार्मिक स्थल पर निर्माण को लेकर बवाल हो गया। एक समुदाय के लोगों ने निर्माण कार्य कर रहे लोगों पर लाठी और डंडों से हमला कर दिया, जिससे एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हमलावरों ने पथराव भी किया, जिससे भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। लक्सर और पथरी थाने से भारी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा और विवाद शांत कराया।
बताया जा रहा है कि धार्मिक स्थल पर निर्माण कार्य रुकवाने के लिए कुछ लोग हथियार भी लेकर पहुंचे थे, लेकिन समय रहते पुलिस के गांव में पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस अगर समय पर गांव नहीं पहुंचती तो बड़ा बवाल हो सकता था।
सुल्तानपुर क्षेत्र के बाडीटीप गांव में एक धार्मिक स्थल है। इसके आस-पास दूसरे समुदाय के लोगों की जमीन है। बताया जा रहा है कि दोनों समुदाय के लोगों में धार्मिक स्थल पर चारदीवारी करने की सहमति बनी थी। इसके बाद पिछले तीन दिनों से धार्मिक स्थल पर दीवार का निर्माण कार्य चल रहा था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह एक समुदाय के लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और निर्माण कार्य कर रहे लोगों पर हमला कर दिया। आरोप है कि उक्त लोगों ने पथराव भी कर दिया। लक्सर विधायक संजय गुप्ता और हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के विधायक स्वामी यतिश्वरानंद गांव में पहुंचे और उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली।
सभी ग्रामीणों से बातचीत करने के बाद भाजपा विधायकों ने मंदिर निर्माण का कार्य अपनी मौजूदगी में शुरू कराया। भाजपा विधायक संजय गुप्ता और स्वामी यतिस्वरानंद ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में यदि कोई कोई बाधा उत्पन्न करेगा तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों विधायकों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से भी इस पूरे मामले पर बातचीत की। विधायकों ने पुलिस से फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कहा है।

