- निर्माणाधीन सामुदायिक भवन पर खर्च हो चुके लाखों रुपये
- कोर्ट से स्टे होने के कारण खंडहर में तब्दील
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: नगर पालिका के ड्रीम प्रोजेक्ट कानूनी दाव पेंच का शिकार हो रहे हैं। धर्मपुरा मोहल्ले में बनाया जा रहा सामुदायिक भवन भी सालों से कोर्ट के चक्कर में फंसा हुआ है। निर्माणाधीन सामुदायिक भवन पर लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं। मगर कोर्ट से स्टे होने के कारण काम अधर में लटका हुआ है।
वर्तमान में यह निर्माण देखरेख के अभाव में खंडहर हो रहा है। लोगों ने गोबर डालकर कब्जे जमा लिए हैं। नगर पालिका की कमजोर पैरवी का खामियाजा है कि इस तरह के कई प्रोजेक्ट कोर्ट में रैंग रहे हैं। यदि इस ओर गंभीरता दिखाई जाए तो सामुदायिक भवन हजारों लोगों की खुशियों में काम आ सकता है।

दरअसल, नगर पालिका द्वारा धर्मपुरा मोहल्ले के चौड़े रास्ते पर साममुदायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। करीब दो वर्ष पूर्व 11 सौ वर्ग मीटर भूमि पर जोर शोर के साथ भवन का निर्माण शुरू कराया गया था। जिसमें एक बड़ा हॉल बनाने के साथ ही कई कमरे व सामुदायिक शौचालय शामिल था। इस सामुदायिक भवन की क्षमता इतनी रखी गई कि कई सौ लोगों का प्रोग्राम समा जाए। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य यह था कि गरीब परिवारों में होने वाली शादी के लिए मुहैया कराया जा सके।
ताकि शादी में मंडप के नाम पर उनकी जेब ढीली न हो। भवन का करीब आध निर्माण पूरा हो चुका था।आंशिक भुगतान के रूप में 11 लाख रुपये भी जारी कर दिए गए थे। इसी बीच कुछ लोगों ने इस भूमि को अपना बताते हुए कोर्ट में दावा कर दिया। दावेदार कोर्ट से यथा स्थिति के आदेश ले आए। तभी से यह प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ है। निर्माणधीन भवन देखरेख के अभाव में खंडहर हो रहा है।

निर्माण में लगे सरिए चोरी हो गए हैं। कुछ लोगों ने गोबर व उपले डालकर कब्जा कर रखा है। कोर्ट में कमजोर पैरवी के चलते सालों से आज तक इसका कोई समाधान नहीं निकल सका है। कुल मिलाकर सामुदायिक भवन का यह प्रोजेक्ट कानूनी दाव पेंच में फंसा हुआ है। यदि प्रोजेक्ट परवान चढ़ जाए तो शादी समारोह में गरीबों को काफी मदद मिल सकेगी।
गोबर डालकर कर रखा कब्जा
निर्माणाधीन इस सामुदायिक भवन में अब गोबर डाला जा रहा है। लोग गोबर डालकर यहा उपले बना रहे हैं। इसके अलावा भवन को कूड़ा डालने की जगह बना दिया है। मगर इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
खस्ताहाल ईदगाह रोड के कब आएंगे अच्छे दिन
नगर में खस्ताहाल ईदगाह रोड के दिन सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। तालाब की बराबर से गुजर रहा कच्चा मार्ग हादसों का कारण बन रहा है। तालाब ओवरफ्लो होने पर रास्ता गायब हो जाता है। रविवार को फिर से रास्ते और तालाब के बीच एक कार फंस गई। उसमें सवार लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। लोगों ने प्रशसान से शीघ्र सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
सरधना में मेरठ रोड से ईदगाह मार्ग निकल रहा है। इस मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय के अलावा उपस्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक शौचालय भी बना हुआ है। यानी इस मार्ग से बच्चों और बड़ों से निकलना होता है। यह मार्ग आज तक कच्चा ही है। मार्ग पर सड़क नसीब नहीं हो सकी है। मार्ग के बराबर में एक विशाल तालाब है। जो कभी भी ओवरफ्लो हो जाता है। जिसके बाद रास्ता तालाब में समा जाता है। रास्ते और तालाब के चक्कर में अब तक कई हादसे हो चुके हैं। कई पशु इस तालाब में समा चुके हैं।

यहां के लोग बरसो से सड़क का निर्माण कराने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक से गुहार लगा चुके हैं। मगर कोई सुनने को तैयार नहीं है। रविवार को तालाब में पानी बढ़ने पर फिर से रास्ता गायब हो गया। वहां से गुजर रही एक कार तालाब और रास्ते के बीच में धंस गई। आसपास के लोगों ने यह देखा तो किसी तरह कार सवारों को बाहर निकाला। लोगों ने प्रशासन से सड़क का निर्माण कराने की मांग की है

