- 173 शिकायतें दर्ज की, 23 शिकायतों का किया निराकरण
जनवाणी संवाददाता |
बिजनौर: डीएम रमाकान्त पाण्डेय ने कहा कि शासन की स्पष्ट मंशा है कि सम्पूर्ण समाधान दिवस सहित जन सामान्य की शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस, विभागीय और अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली जन शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से लें।
पूर्ण मानक एवं निर्धारित समय सीमा से उनका निराकरण हो। डीएम रमाकान्त पाण्डेय ने मंगलवार को तहसील धामपुर के सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिये। डीएम ने कहा कि पात्र व्यक्ति जन कल्याणकारी योजनाओं के फायदे से महरूम न रहे।
अधिकारी प्राप्त शिकायतों को पूर्ण गुणवत्ता और मानक के साथ निस्तारित करें। यदि किसी शिकायत का निस्तारण किया जाना संभव नहीं है तो उसका स्पष्ट कारण लिखते हुए शिकायतकर्ता को अवगत करायें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में 173 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें 23 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस अवसर पर एसपी डा. धर्मवीर सिंह, एसडीएम धामपुर के अलावा सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

