जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: उत्तराखंड की बीजेपी कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति, गिरधारी लाल साहू, द्वारा बिहार की लड़कियों को लेकर विवादित बयान देने के बाद मुजफ्फरपुर कोर्ट में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, गिरधारी लाल साहू ने कथित रूप से यह बयान दिया कि “बिहार की लड़कियां केवल 20,000 से 25,000 रुपये में शादी के लिए उपलब्ध हैं।” इस बयान के बाद बिहार में लोगों में आक्रोश फैल गया और मामले की शिकायत अदालत में की गई।
इससे पहले, बिहार राज्य महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए गिरधारी लाल साहू को नोटिस जारी किया था। वायरल हो रहे वीडियो में गिरधारी लाल साहू को युवाओं से बात करते हुए यह कहते हुए देखा जा सकता है, “क्या आप बुढ़ापे में शादी करेंगे? अगर आप शादी करने में असमर्थ हैं, तो हम आपके लिए बिहार से एक लड़की लाएंगे, और आप वहां 20,000 से 25,000 रुपये में लड़की पा सकते हैं।”
इस मामले में परिवादी सह अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने कहा कि गिरधारी लाल साहू का यह बयान बिहार की लड़कियों और महिलाओं के अपमान के समान है। उन्होंने बताया कि इस बयान से बिहार की मर्यादा को ठेस पहुंची है और महिलाओं का सम्मान भी प्रभावित हुआ है। मुजफ्फरपुर कोर्ट ने इस मामले को स्वीकार कर लिया है और 12 जनवरी को इस पर सुनवाई तय की है।

