नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ में अपने बयानों और बेबाक अंदाज़ को लेकर चर्चा में रहने वाली तान्या मित्तल एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। ग्वालियर में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। दरअसल, सोशल मीडिया पर तान्या का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह पोटोश गन चलाती नजर आ रही हैं। यह गन प्रतिबंधित श्रेणी में आती है, जिसके उपयोग पर रोक है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय सामाजिक संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई और थाने में शिकायत दर्ज कर एफआईआर की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर के एसएसपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
शिकायतकर्ता ने कहा
इन दिनों ‘बिग बॉस 19’ में बतौर प्रतिभागी नजर आ रहीं तान्या मित्तल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वे पिंक साड़ी में दिख रही हैं। अभिनेत्री कथित तौर पर कार्बाइड गन चलाती दिख रही हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद हंगामा हो गया और उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। ग्वालियर निवासी ने शिकायत की है, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशों और कलेक्टर द्वारा धारा 163 बीएनएस के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों का हवाला देते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
वीडियो की सच्चाई क्या है?
तान्या के खिलाफ शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो में तान्या मित्तल कार्बाइड गन चलाते हुए नजर आ रही हैं। यह वही गन है, जिसके इस्तेमाल पर ग्वालियर कलेक्टर बैन लगाया है। वहीं, इस वीडियो को लेकर कहा गया है कि यह बीते वर्ष यानी साल 2024 का है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
पूरा मामला क्या है?
मध्य प्रदेश में कार्बाइड गन चलाने से अब तक 300 से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी पर खतरा मंडला रहा है। सरकार की ओर से इस गन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी बीच तान्या का कथित तौर पर कार्बाइड गन चलाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। इसी के चलते उनके खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। कहा जा रहा है कि अगर जांच में पाया गया कि यह वीडियो बीते साल का है तो संभव है कि उनके खिलाफ एफआईआर न हो, क्योंकि पोटाश गन पर प्रतिबंध हाल ही में लगाया गया है।

