नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। मोकामा विधानसभा सीट पर चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरे बाहुबली नेता अनंत सिंह शनिवार को एक अनोखे हादसे का शिकार हो गए। मोकामा के पूर्वी इलाके में उनके जनसंपर्क अभियान के दौरान रामपुर-डूमरा गांव में समर्थकों ने उनके स्वागत के लिए एक छोटा मंच तैयार किया था। जैसे ही अनंत सिंह मंच पर पहुंचे और “अनंत सिंह जिंदाबाद” के नारों के बीच भाषण शुरू किया, अचानक मंच भरभराकर टूट गया। देखते ही देखते अनंत सिंह और उनके समर्थक धड़ाम से नीचे गिर पड़े। मंच टूटने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और समर्थक भाग-दौड़ करने लगे। खुशकिस्मती से किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन इस घटना ने वहां मौजूद लोगों और सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
‘जनता का आशीर्वाद मेरे साथ है’
इधर, मंच टूटने की इस घटना के बावजूद अनंत सिंह ने वहीं खड़े होकर लोगों का अभिवादन किया और कहा कि “जनता का प्यार ही मेरा हौसला है, मंच टूट जाए तो क्या!” उन्होंने लोगों से कहा कि मैं ठीक हूं। अत्यधिक भार होने के कारण मंच टूट गया। यह सब घटना होते रहती है। जनता का आशीर्वाद मेरे साथ है। इसलिए मुझे कुछ नहीं होगा।
अनंत सिंह के सामने होंगे पूर्व सांसद सूरजभान सिंह
बता दें कि, विधानसभा चुनाव में मोकामा को हॉट सीट माना जाता है। कारण है मोकामा विधानसभा से अनंत सिंह का चुनाव लड़ना। लेकिन, इस बार खास बात यह है कि अनंत सिंह के सामने पूर्व सांसद और बाहुबली सूरजभान सिंह होंगे। सूरजभान सिंह अपनी पत्नी बीना देवी चुनावी मैदान में उतारा है। राजद के टिकट से वह अपनी पत्नी को चुनाव लड़वा रहे हैं। मोकामा विधानसभा में चुनावी बयार बह चुकी है। दो बाहुबलियों के आमने-सामने आने से मोकामा का सियासी पड़ा गर्म हो चुका है।

