Wednesday, March 25, 2026
- Advertisement -

प्रकृति से संवाद कराते वृत्तांत

Ravivani 32


‘सूखा ताल नीचे गहरी खाई में था। उसके साथ-साथ ही पहाड़ की यह खड़ी दीवार थी, जिसके किनारे पर खड़े होने की हिम्मत नहीं की जा सकती थी। पहाड़ के टूटने की आवाजें दहशत भर देने वाली थीं। कच्चे पहाड़ में अटके हुए पत्थरों पर टिकी निगाहें..पत्थर अब गिरा कि तब। जहां चल रहे थे, पूरा पहाड़ कच्चा था। कच्चे पहाड़ पर चलते हुए डर लगता। एक पत्थर सरका नहीं कि ढेरों पत्थरों के सरकते जाने का खेल रास्ते भर देखते ही आए थे। बड़ी-बड़ी शिलाएं भी हल्के से इशारे पर सरक जातीं। जिस धार पर चढ़े थे उसके अंतिम छोर पर लंबा मैदान दिखाई दिया। सफेद-भूरी बर्फ की चादर बिछी हुई थी। ग्लेशियर का कच्चापन भी जगह-जगह झांक ही रहा था। जिसने सचेत रहने की हिदायत दे दी – पोली बर्फ कब आगे बढ़ने से रोक दे और न जाने पाताल के किस कोने में सशरीर पहुंच जाएं। पहाड़ का वही कच्चापन। एकदम तीखी चढ़ाई। पत्थरों के लुढ़कने का खतरा यहां पहले से भी ज्यादा दहशत भरा।’

रोमांचित कर देने वाला यह अंश है हालिया प्रकाशित यात्रा वृत्तांत संग्रह ‘सफर हमारे’ में शामिल विजय गौड़ की किन्नौर घाटी सम्बंधी यात्रावृत्त ‘अपने वतन का नाम बताओ’ से। ऐसे ही 25 यात्रा वृत्तांत प्रस्तुत संग्रह में सहेजे गए हैं, जिन्हें पढ़ते हुए पाठक पीठ पर पिट्ठू लादे और एक हाथ में पानी की बोतल तो दूसरे हाथ छड़ी पकड़े कभी बर्फ में आहिस्ता-आहिस्ता पांव जमाता है तो कभी किसी घने पेड़ के नीचे किसी चट्टान पर बैठ सुस्ताते हुए थर्मस से गर्मागरम चाय की चुस्कियां ले बची-खुची ऊर्जा को समेट अगले पड़ाव की ओर लेखक के साथ-साथ कोई पहाड़ी गीत गाते बढ़ जाता है। अत्यधिक ऊंचाई पर आक्सीजन की कमी को अपने कमरे में बैठा पाठक भी अनुभव कर एकायक फेफड़ों में खींचकर हवा भरता है। तो कभी माथे पर छलछला आई पसीने की बूंदें पोंछता है। यह अनुभूति यात्रा वृत्तांतों की जीवंतता का प्रतीक है। पुस्तक की सफलता प्रमाण है।

पुस्तक में संग्रहित यात्रा वृत्तांत एक लंबे कालखंड की नुमाइंदगी करते हुए पाठकों के सम्मुख तत्कालीन परिदृश्य का जीवंत दृश्य उपस्थित करते हैं। इसमें एक तरफ वर्ष 1985 में की गयी पिंडारी ग्लेशियर की खतरनाक यात्रा में लेखक प्रमोद साह के मौत के मुंह से बचने की दास्तान है तो 1994 में अनूप साह की दुर्गम ‘ट्रेल्स पास’ की यात्रा का रोंगटे खड़े कर देने वाला विवरण भी है। गीता गैरोला के लेख ‘कई सफर अभी बाकी हैं में अनसूया के मेले की आनन्द वर्षा भी है। दूसरी तरफ वर्ष 2017 में ‘हिमाचल की राह से’ यात्री वाचस्पति की लेखनी से निकला शब्दों का जादू अनुभव करिए या फिर उमेश पंत की ‘केदारकांठा की यात्रा में 12600 फीट की ऊंचाई पर बिताए और कैमरे में कैद समय के चित्र या फिर 17500 फीट ऊंचे लांगमाला दर्रे के पार सिकल ग्लेसियर से ‘आसमान तक पहुंचे शिखर’ में तिब्बत और नेपाल की पहाड़ी संस्कृति की झलक यात्री शेखर पाठक की जुबानी।

पर्वतों की चढ़ाई से मन उकताए-ऊबे तो अपनी ओर बुलाते हैं यूरोपीय देश जिसमें आप जितेन्द्र शर्मा के साथ ‘विलियम वर्ड्सवर्थ के गांव में’ जा सकते हैं या फिर शालिनी जोशी के साथ ‘एक दिन एम्स्टर्डम’ में घूम-टहल विशाल नहर-जाल का दर्शन कर खुशी सहेज सकते हैं। या फिर चंद्रनाथ मिश्र के साथ निकल जाइए ‘मेरी यूरोप यात्रा’ में ब्रिटेन, फ्रांस, स्विट्जरलैंड, इटली और आस्ट्रिया की सड़कों पर। कुल मिलाकर एक से बढ़कर एक रुचिपूर्ण यात्रा वृत्तांत। तो साथियो इन यात्राओं के द्वारा देश-विदेश के भूगोल को तो नापा ही गया है साथ ही इतिहास के पन्ने भी खंगाले गए हैं। लेकिन ये यात्राएं इस इतिहास-भूगोल से इतर जन सामान्य के जीवन के स्पंदन को महसूस कराती हैं तो संस्कृति से संवाद करती स्वर्णिम अतीत के गवाक्ष भी खोलती हैं। यह यात्राएं साहस, रोमांच, निर्भयता एवं धैर्य की सीढ़ियों से होते हुए अपने मंजिलों तक पहुंचती हैं तो कदम-कदम में विद्यमान खतरों, बाधाओं, चुनौतियों एवं अवरोधों से जूझते कदमों और थरथराते दिलों की सामर्थ्य की परीक्षा भी हैं।

वास्तव में यात्राएं व्यक्ति के मन-मस्तिष्क में एक खिड़की खोलती हैं, जिससे स्वच्छ और ताजी हवा जेहन में प्रवेश कर सके और यह हवा है विचार की, लोक चेतना की, अतीत के गौरव एवं समृद्धि से साक्षात्कार की तथा नवीन के प्रति आकर्षण एवं सम्मान की। इसलिए पारंपरिक लीक को तोड़ती हुई ये यात्राएं जोखिम उठाते हुए नई धाराओं को जन्म देती हैं जिनमें रहस्य, रोमांच और बाधाओं की उछलती लहरें यात्रियों को अवगाहन करने हेतु आमंत्रण एवं चुनौती देती रहती हैं। इन लहरों में ही समय सवार होकर लोक की यात्रा करता है। असगर वजाहत अपने लेख ‘टूरिज्म नहीं सोशल टूरिज्म’ में कहते हैं, ‘मेरी आंखें सदा नये दृश्यों की तलाश में रहती हैं। नया दृश्य कुछ नया सोचने की प्रेरणा देता है। जो नया है वह रोचक है और उसे समझना एक चुनौती। नये देखें और समझे को लिखना या दूसरों को बताना एक और बड़ी चुनौती है।’ अर्थात यात्रा नवीनता की खोज भी हैं।

पुस्तक : सफर हमारे, संपादक : प्रबोध उनियाल, प्रकाशक : काव्यांश प्रकाशन, ऋषिकेश, मूल्य : 225 रुपये।


janwani address 9

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार में नरमी, सोना ₹2,360 और चांदी ₹9,050 तक टूटी

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव...

Delhi Budget 2026: सीएम रेखा गुप्ता ने पेश किया ‘हरित बजट’, विकास और पर्यावरण में संतुलन पर जोर

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार...

Share Market: शेयर बाजार में तेजी का रंग, सेंसेक्स 1,516 अंक उछला, निफ्टी 22,899 पार

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को...

LPG Rate Today: एलपीजी सिलिंडर के आज के रेट, सप्लाई संकट के बीच क्या बढ़ेंगे दाम?

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: देशभर में घरेलू और कमर्शियल...

Delhi Bomb Threat: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष को बम धमकी, CM और केंद्रीय नेताओं के नाम भी शामिल

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता...
spot_imgspot_img