- अब तक 8882 संक्रमित, 218 लोगों की मौत, 154 मरीज ठीक होकर घर गए, 2230 कर रहे संघर्ष
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना ने कोल गांव और नंगली तीर्थ नंगली अजर पर हमला बोलते हुए कई लोगों को संक्रमित कर गया। सोमवार को हुई 2824 टेस्टिंग में 184 लोग संक्रमित निकले और दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं, आज 154 मरीज ठीक होकर घर वापस चले गए। जबकि 2230 लोग अब भी कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। कोरोना से निपटने के लिये स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 248588 लोगों की जांच करा चुका है। जबकि 6334 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।
कोरोना के कारण मौतों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। सितंबर माह में 90 लोगों की मौत हो चुकी है और इससे शासन में हड़कंप मचा हुआ है और नोडल अधिकारी पी गुरुप्रसाद को भी इसी कारण भेजा गया है। वेस्ट यूपी में मेरठ में ही सर्वाधिक 218 मौतें हुई है।
जबकि दूसरे नंबर पर आगरा में 118 मौतें हुई है। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि कोल गांव में व्यापारी, गृहिणी, पोस्टमैन समेत 10 लोग संक्रमित हो गए। इसमें आठ लोग संपर्क में आने के कारण और दो लोग नये संक्रमित हुए हैं। शास्त्रीनगर में कोरोना थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा कोई दिन नहीं जा रहा है।
जब शास्त्रीनगर में आठ-दस संक्रमित न निकल रहे हों। सोमवार को भी 10 संक्रमित यहां से निकले है। जबकि जागृति विहार में दो लोग पॉजिटिव निकले हैं। नंगली तीर्थ स्थित समाधि योगा में तेरह साधु, मजदूर और एक बैंकर संक्रमित हो गए। पांच साधु भी कोेरोना की चपेट में आ गए।
आरएएफ में फिर से कोरोना ने हमला बोला और पांच लोगों को संक्रमित कर दिया। मवाना रोड स्थित यशोदाकुंज कालोनी में पांच, सिवाया, दौराला चार, तेजगढ़ी चार, आबूलेन, सदर दाल मंडी तीन, नानू तीन, न्यू नेहरु नगर, कैलाश भवन सर्वोदय कालोनी, छोटा बाजार कंकरखेड़ा, शंभु नगर, कमला नगर, शिवशक्ति नगर, सुभाषपुरी, गुरुनानक नगर, देवपुरी, सैनिक विहार, सेंट मैरीज स्कूल क्वार्टर, मुलायम सिंह यादव मेडिकल कालेज परिसर में दो लोग संक्रमित हो गए।
डिफेंस कालोनी, दबथुआ, कोहली कालोनी गंगानगर में दो, मैदा मोहल्ला, गोल्ड कोस्ट कालोनी रोहटा रोड, ग्रीनवुड कालोनी बागपत रोड में दो, मुल्तान नगर, सिसौली गांव में दो, शर्मा नगर में चार, अरनावली में दो, पुलिस लाइन स्थित क्राइम ब्रांच के आफिस का एक कर्मचारी, केएमसी अस्पताल, रघुकुल विहार में दो लोग संक्रमित निकले हैं।
इनकी हुई मौत
सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि छज्जूपुर निवासी 56 वर्षीय पुरुष और नंगला हरेरु अमरौली निवासी 48 वर्षीया महिला की कोरोना से मौत हो गई।
नई आईसीयू यूनिट जल्द शुरू कराने के निर्देश
नोडल अधिकारी पी गुरुप्रसाद और डीएम के. बालाजी ने सोमवार को सुभारती छत्रपति शिवाजी अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष में बैठक की तथा बनाए जा रहे आईसीयू यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मरीज को अच्छा भोजन व दवा उपलब्ध हो यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वहां मरीजों से फोन पर वार्ता कर उनका हाल जाना तथा सीएमओ को निर्देशित किया कि सुभारती अस्पताल में दवाओ व आॅक्सीजन की आपूर्ति में कोई कमी ना हो यह सुनिश्चित किया जाये।
नोडल अधिकारी पी गुरुप्रसाद ने सोमवार को बाइपास स्थित सुभारती छत्रपति शिवाजी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चिकित्सा अधीक्षक के कार्यालय कक्ष में चिकित्सकों व अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी मरीजों को अच्छा भोजन व अच्छा उपचार समय से उपलब्ध हो ये सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने वहां कुछ मरीजों से फोन पर वार्ता कर उनका हाल जाना, जिसमें उन्हें अच्छा फीडबैक मिला। नोडल अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सुभारती अस्पताल में दवाओं व आक्सीजन की आपूर्ति में कोई कमी न हो ये सुनिश्चित किया जाए तथा मास्क की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाये।
डीएम के. बालाजी ने नोडल अधिकारी के साथ सुभारती अस्पताल में बनाए जा रहे नई 25 बेड के आईसीयू यूनिट का निरीक्षण किया। इस कार्य को प्राथमिकता पर पूर्ण कराया जाए। नोडल अधिकारी के साथ लखनऊ से आई टीम में शामिल डा. सुरेंद्र कुमार ने वहां रेजिडेंट डाक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ से वार्ता की तथा दिए जा रहे उपचार को देखा। प्रधानाचार्य सुभारती मेडिकल कॉलेज डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में 108 कोरोना मरीज सुभारती अस्पताल में अपना उपचार करा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वह व उनकी टीम पूर्व में एसजीपीजीआई व वर्तमान में केजीएमयू लखनऊ के विशेषज्ञ चिकित्सकों से वर्चुअल आईसीयू के माध्यम से क्रिटिकल मरीजों के संदर्भ में राय भी लेते है। दवा व आॅक्सीजन की आपूर्ति निर्बाध रूप से हो इसके लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर उसको दूर कराया जा रहा है। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डा. जेपी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजकुमार, मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डा. अशोक तालियान, डा. पीपी सिंह सहित अन्य अधिकारी व पैरामेडिक्स उपस्थित रहे।

