- पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: सोमवार की रात सरधना के धर्मपुरा मोहल्ले में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार अज्ञात हमलावर गोली मारकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों को तलाश करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक पक्ष ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है। परिजनों ने रंजिशन हत्या का आरोप लगाया है।
धर्मपुरा मोहल्ला निवासी शाहवेज पुत्र शौकत अली नगर में ही एक डेयरी में मजदूरी करता था। सोमवार की रात को काम से लौटने के बाद वह जैसे ही घर के बाहर पहुंचा तो बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर में गोली मार दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो युवक को लहूलुहान हालत में नीचे पड़ा देखा। परिजन आनन-फानन में उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने शाहवेज को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक पक्ष ने रंजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस संबंध में एसओ उपेंद्र कुमार मलिक का कहना है कि हमलावरों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

