- पुलिस ने घायल गोतस्कर को कराया अस्पताल में भर्ती
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लिसाड़ीगेट पुलिस की रविवार देर रात चेकिंग के दौरान गोतस्कर से मुठभेड़ हो गयी। मुठभेड़ में गोतस्कर के पांव में गोली लग गयी। चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बजोट रोड पर गोतस्कर को घेर लिया। सूचना मिली थी कि वह गोमांस लेकर जा रहा है। तत्काल थाना लिसाड़ी गेट पुलिस द्वारा शौकिन गार्डन, शौकिन के पुराने कार्यालय के पास, रेलवे लाइन के निकट उक्त व्यक्ति को इंतजार करने लगी। कुछ समय बाद एक व्यक्ति बाइक पर आता दिखाई दिया, पुलिस टीम द्वारा उक्त व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया तो व्यक्ति बाइक से पीछे की तरफ भागने लगा।

अभियुक्त द्वारा भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया, पुलिस टीम द्वारा भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गयी। जिससे अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल ने अपना नाम सलमान पुत्र यामीन निवासी बस स्टैंड के पीछ कस्बा व थाना खतौली जनपद मुजफ्फरनगर व हाल पता-किराये का मकान, मदीना कॉलोनी थाना लिसाड़ी गेट बताया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना लिसाड़ी गेट पर विधिक कार्रवाई की गयी है।
चिता से शव निकालने श्मशान पहुंची पुलिस
मेरठ: बुलंदशहर से डायल 112 को दी गयी युवक की हत्या की सूचना पर सिविल पुलिस श्मशान में जल रही चिता से शव निकालने जा पहुंची। चिता में कुछ बचा नहीं था। परिजनों का कहना था कि युवक की स्वभाविक मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सूचना शास्त्री नगर के ब्लॉक में रहने वाले गौरव शर्मा की हत्या की दी गयी थी। इस मकान में प्रशांत शर्मा का परिवार रहता है। परिवार में उनकी पत्नी के अलावा बेटा गौरव प्रसाद शर्मा, उसकी पत्नी शालू और छह वर्ष की बेटी हनी भी रही।
परिजनों की मानें तो रविवार दोपहर 32 वर्षीय गौरव प्रसाद शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। परिजनों ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। शव सूरजकुंड श्मशान घाट लेकर पहुंच गए। तभी डायल 112 को बुलंदशहर के किसी व्यक्ति ने फोन कर बताया कि गौरव प्रसाद शर्मा की हत्या कर दी गई है और सुबूत मिटाने के लिए शव को जलाने ले गये हैं। डायल 112 ने मेडिकल पुलिस को सूचना दी। मेडिकल पुलिस ने सिविल लाइन पुलिस से संपर्क साधा और तत्काल वहां भेजा। पुलिस जब तक श्मशान घाट पहुंचती, तब तक चिता पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की तो बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था।

यह भी सुनने में आया है कि किसी हिमांशु शर्मा निवासी मीरपुर थाना सिकंदरपुर जिला बुलंदशहर ने ही मेरठ की डायल 112 को काल की थी। इस युवक को मृतक का साला बताया गया है। दो घंटे बाद हिमांशु भी यहां पहुंच गये और पुलिस से संपर्क साधा लेकिन तब तक शव का अंतिम संस्कार हो चुका था। वहीं, इस संबंध में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि डायल 112 पर शिकायत मिली थी लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव का अंतिम संस्कार हो चुका था। फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं हो रहा। मौत के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं।

