जनवाणी संवाददाता |
नांगल सोती: बाल्मीकि बस्ती में घुसे मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी नहीं पहुंचे जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया बाद में नांगल पुलिस ने मगरमच्छ को पकड़कर थाने में बंधक बनाया तथा सुबह होने पर गंगा में छोड़ा।
सोमवार की देर रात नांगल की बाल्मीकि बस्ती में घुसे मगरमच्छ ने विशु पुत्र स्वर्गीय विनोद कुमार के घर में घुसने का प्रयास किया। जिसे देखकर परिवार सहित बस्ती के लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। बस्ती में पूरा शोर-शराबा मच गया। मगरमच्छ के बस्ती में घुसने की सूचना वन विभाग सहित नांगल पुलिस को दी गई।
घंटों बाद भी वन विभाग मौके पर नहीं पहुंचा। ऐसे में नांगल थाना एसआई विनोद कुमार ने अपनी टीम के साथ मगरमच्छ को जाल के सहारे कैद करने का प्रयास किया। घंटों मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ने में कामयाबी मिली।
इसके साथ ही ग्रामीणों के लिए खौफ बने इस मगरमच्छ को एस आई विनोद कुमार थाने ले आए। पूरी रात इस मगरमच्छ को थाने में बंधक बनाकर रखा गया। रात भर इस मगरमच्छ ने जाल से छूटने का भरसक प्रयास किया। जिसके बाद नांगल पुलिस ने इसे नांगल गंगा घाट पर गंगा में छोड़ने का काम किया।

