- शहर के तमाम रास्तों पर थमे गाड़ियों के पहिए
- दिन में उमस भरी गर्मी से बचने को रात्रि में पूरी कर रहे यात्रा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: हाइवे पर कांवड़ियों का जनसैलाब उमड़ आया है। हाइवे और नहर पटरी मार्ग पर जहां तक भी नजर जाती है, दूर तक कांवड़ियों के जत्थे ही नजर आ रहे हैं। हाइवे पर कांवड़ियों के महाकुंभ सरीखा नजरा है। सिवाया टोल प्लाजा पार करने के बाद कांवड़िये तेजी से शहर की ओर बढ़ रहे हैं। मोदीपुरम में कई स्थानों पर विश्राम के लिए शिविर लगाए गए हैं। कुछ आगे चलने पर मोदीपुरम फ्लाईओवर के नीचे कांवड़ियों का विहंगम दृश्य नजर आता है।
मोदीपुरम फ्लाईओवर से परतापुर इंटरचेंज तक रोड की एक साइड पर भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जो कांवड़िये बाइक से लौट रहे हैं, उनके लिए भी रोड पर जगह नहीं बची थी। वाहनों से जो कांवड़िये लौट रहे हैं वो दूसरी रोड जो से होकर गुजर रहे हैं। हाइवे पर दोनों साइडों में कांवड़ियों का ही कब्जा नजर आता है। मोदीपुरम से बेगमपुल की ओर जाने वाले रास्ते भी कांवड़ियों के जनसैलाब के रूप में नजर आ रहे हैं।
14 कांवड़ियों को जिला अस्पताल पहुंंचाया, आठ भर्ती
मेरठ: कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ कांवड़िये बीमार हो रहे हैं तो कुछ सड़क दुघर्टना में चोटिल हो रहे हैं। पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल में 14 कांवड़ियों को इलाज के लिए भेजा गया। इनमें आठ कांवड़ियों को कांवड़ वार्ड में भर्ती किया गया। इनमें दलीप निवासी मोतीवाली दिल्ली, दिल्ली के ही लोहारी निवासी मोहित और बॉबी की बुखार से हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। प्रेम निवासी नियोती दिल्ली बाइक की चपेट में आकर घायल हुआ।
भूपेंद्र निवासी पुट्ठी दिल्ली के पैरों में सूजन हो गई। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। विकास निवासी अग्रवाल मंडी टटीरी बागपत, सीमा निवासी विकासपुरी दिल्ली को उल्टी दस्त होने पर भर्ती किया गया। अरुण यादव निवासी सिकंद्राबाद बुलंदशहर को तेज बुखार होने पर भर्ती किया गया। जिला अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. कु. सुदेश का कहना है कि कांवड़ियों का उपचार गंभीरता से किया जा रहा है।
कप्तान खुद अपनी गाड़ी से लेकर गए घायल कांवड़ियों को अस्पताल
मेरठ: रुड़की रोड पर हादसे का शिकार हुए बाइक सवार बुलंदशहर के कांवड़ियों को एसएसपी डा. विपिन ताडा गाड़ी छोड़कर नीचे उतरे, फिर उन्हें स्टॉफ की मदद से गाड़ी में बैठाया और अस्पताल तक लेकर गए। बुलंदशहर सिकंदराबाद के रहने वाले दो कांवड़िये अंशू व रोहित बाइक से जल लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। काफी स्पीड में थे। अचानक इन्होंने चलते-चलते बाइक डिवाइडर पर चढ़ा दी। स्पीड अधिक व डिवाइडर पर चढ़ने की वजह से इनकी बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसा माल रोड पर टैंक चौराहे से पहले कंपनी बाग के निकट डिवाइडर के समीप हुआ। जिस वक्त हादसा हुआ उसी दौरान वहां से एसएसपी का काफिला गुजर रहा था। उन्होंने भीड़ देखी और जानकारी ली तो तुरंत घायल कांवड़ियों तक पहुंचे। उन्हें गाड़ी में बैठा कर दयानंद नर्सिंगहोम पहुंचा। जहां उनका इलाज कराया। यहां से पुलिस ने उनको सिकंदराबाद भेजने की व्यवस्था की है। उनकी बाइक इतनी ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गयी है कि चलने लाइक नहीं रही है।
बाइकों की भिड़ंत में कांवड़ लेने जा रहे युवक की मौत
जानीखुर्द: सोमवार को बाइक पर सवार होकर हरिद्वार से जल लेने जा रहे तीन दोस्तों की एनएच-58 पर बाइक की सामने से आ रही बाइक में भिड़ंत होने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गये। सोमवार को जिला गौतमबुद्धनगर के गांव कोटरुवाली निवासी 25 वर्षीय मोहित दो दोस्तों बॉबी व अनमोल के साथ बाइक पर सवार होकर हरिद्वार से जल लेने के लिये निकले थे। इस दौरान जैसे ही तीनों बाइक सवार एमआईईटी इंजीनियरिंग कालेज के सामने पहुंचे तो सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके दोनों साथी बॉबी व अनमोल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मोहित के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कांवड़ लेने गए अधेड़ की ब्रेन हेमरेज से मौत
मोदीपुरम: हरिद्वार से कांवड़ लेने गए धंजू गांव निवासी अधेड़ प्रमोद की रुड़की में आते हुए ब्रेन हेमरेज होने से मौत हो गई। अधेड़ की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि 40 वर्षीय प्रमोद दो दिन पहले हरिद्वार से कांवड़ लेने गया था। प्रमोद के तीन बच्चे हैं। प्रमोद जब जल लेकर चला तो ब्रेन हेमरेज हो गया। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिवार के लोग शव लेने के लिए पहुंच गए।
मेहरमति के कांवड़ियां की मंगलौर में मौत
सरधना: थाना क्षेत्र के एक गांव से हरिद्वार जल लेने गए एक कांवड़ियां की रविवार की रात शिविर में सोते समय मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के मेहरमति मीणा गांव निवासी 25 वर्षीय पंकज यादव पुत्र विनोद यादव बीते रविवार को साथी विवेक पुत्र कल्लू के साथ बाइक पर सवार होकर डाक कांवड़ लेने गया था। वह रात को मंगलौर के गुरुकुल कांगड़ी स्थित एक सेवा शिविर में आराम करने रुक गए। दोनों शिविर में सो गए। कुछ देर बाद विवेक ने पंकज को चलने के लिए उठाने की कोशिश की तो पता चला कि वह मृत पड़ा है यह देखकर विवेक व अन्य लोगों के होश उड़ गए। शिविर संचालकों ने पंकज की जांच कराई। चिकित्सक ने कांवड़ियां को मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पंकज का शव गांव पहुंचा। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बाइकों की भिड़ंत में चार कांवड़िये घायल
दौराला: वलीदपुर गांव के सामने सोमवार को दो बाइकों की भिड़ंत में हरिद्वार जाने के दौरान दिल्ली निवासी विकास, जितेंद्र, हेमंत व बुलंदशहर निवासी डेविड घायल हो गए। दिल्ली के कश्मीरी गेट निवासी विकास साथियों गीता कॉलोनी निवासी जितेंद्र व नबा गार्डन निवासी हेमंत के साथ एक बाइक पर कांवड़ लेने जा रहे थे। वहीं, बुलंदशहर के गांव मरोनी निवासी डेविड भी बाइक से हरिद्वार जा रहा था। तेजी से बाइक चलाने के कारण दोनों बाइक आपस में टकरा गई, जिस कारण चारों कांवड़ियां घायल हो गए। वहीं, दूसरे हादसे में आर्यवर्त अस्पताल के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी राकेश घायल हो गया। सभी घायलों को पुलिस ने निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।

