- डाक्टर से उपचार के बाद बाइक से लौट रहे थे दंपति
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शहर के एसटी तिराहे पर डीसीएम से कुचलकर महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति गंभीर घायल हो गया। पूरी घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डीसीएम कब्जे में ले लिया है।
आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कस्बा बनत के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी राजपाल अपनी पत्नी कोमल (35) को लेकर बाइक से शामली एक्सरे कराने आया था। बताया जाता है कि कोमल दांतों में बीमारी के चलते परेशान चल रही थी। कोमल को दिखाने के बाद राजपाल बाइक से वापस लौट रहा था।
जब बाइक सवार दंपति एसटी तिराहे के पास पहुंचा तो तभी पीछे से आए अनियंत्रित डीसीएम ने बाइक सवारों को चपेट में लिया जिसमें महिला की डीसीएम से कुचलकर मौत हो गई और उसक राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। तुरंत ही एसटी तिराहा चौकी पुलिस पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर डीसीएम कब्जे में कर लिया।
साथ ही घायल को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना की सूचना पर बनत से परिजन व अन्य लोग पहुंच गए। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत किया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने पति राजपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

