- सामाजिक वानिकी प्रभाग बिजनौर की नजीबाबाद रेंज के अधिकारियों ने छापेमारी की
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: सामाजिक वानिकी प्रभाग बिजनौर की नजीबाबाद रेंज के अधिकारियों ने छापा मारी करते हुए अलावलपुर नहर चैनल किलोमीटर 12 /13 की दाई पटरी पर दो वृक्ष शीशम प्रजाति के काटकर लोडिंग करते समय एक अभियुक्त को मौके पर गिरफ्तार कर लिया जबकि कोहरे का लाभ उठाते हुए उसके छह साथी फरार होने में कामयाब हो गए।
सामाजिक वानिकी प्रभाग बिजनौर की नजीबाबाद रेंज में अलावलपुर नहर चैनल किलोमीटर 12 /13 की दाई पटरी पर वन माफियाओं ने शीशम के हरे भरे पेड़ो को काट दिया और उसको वाहन में लोडिंग कर ले जाने लगे। तभी सामाजिक वानिकी के अधिकारियों को इसकी सूचना मिली और उन्होंने मौके पर छापेमारी करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके छह साथी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम दिलशाद पुत्र नन्हे निवासी पठानपुरा बताया गया है। मौके पर एक वाहन टाटा 207 रजिस्ट्रेशन संख्या यूए-12 /4317 के साथ मौका ए वारदात से वन विभाग ने अपने कब्जे में लिया। छह नामजद अभियुक्त मौके से घने कोहरा व जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए।
वन विभाग ने मुकदमा अपराध पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। वन विभाग के प्रवर्तन टीम के कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियुक्तों का यह गैंग लगातार वन अपराध कर रहा है मौके से पकड़े गए अभियुक्त ने गुनियापुर मार्ग से सरकारी जामुन के 10 वृक्षों का अवैध पातन करना स्वीकार किया है,वहीं नहर पटरियों पर 6 से अधिक बार शीशम के वृक्षों का कटान करना पाया गया है।
वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम उनके संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है। मुख्य वन संरक्षक महोदय के निर्देशन में प्रवर्तन टीम में कृष्ण कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय वन अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी , राम चरण सिंह वन दरोगा एवं कोतवाली देहात पुलिस शामिल रहे।

