- सिर्फ 30 दिन इंतजार सड़कें होंगी चकाचक
- सीवरेज लाइन डलने के बाद सड़क निर्माण कार्य हुआ शुरू
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहरवासियों को अब ज्यादा दिनों तक टूटी सड़कों के कारण परेशान नहीं होना पड़ेगा। जल निगम की ओर से सीवरेज लाइन डाले जाने का कार्य अधिकतर पूरा हो चुका है अब सड़कों के निर्माण का कार्य पूरा हो गया है जिसके चलते लोगों को राहत पहुंची है। शहर के शास्त्रीनगर स्थित पीटीएस के सामने से सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। जल्द ही पूरे शहर में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
शहर में जल निगम की ओर से सीवरेज लाइन डाले जाने का कार्य किया जा रहा है। जल निगम की की ओर से शास्त्रीनगर, हापुड़ रोड, लिसाड़ी रोड, जाटव गेट, ब्रह्मपुरी रोड, शारदा रोड, ताला फैक्ट्री रोड आदि जगहों पर सीवरेज लाइन डाले जाने के लिये सड़के खोद दी गई थी। बुढ़ाना गेट व्यापारियों ने तो इसे लेकर कई बार प्रदर्शन भी किया था। सड़के खोदे जाने के बाद यहां सीवर लाइन डालने के बाद उसे मिट्टी से भरकर छोड़ दिया गया था। जिसके चलते लोगों को काफी परेशान होना पड़ रहा था।

धूल मिट्टी उड़ने के कारण लोगों का व्यापार भी ठप हो चुका था। शास्त्रीनगर, बुढ़ाना गेट शहर के बड़े व्यापार का हिस्सा है। यहां व्यापार काफी हद तक चौपट हो चुका था, लेकिन अब जल निगम का कार्य यहां पूरा हो चुका है। जिसके बाद अब यहां सड़कों का निर्माण भी शुरू हो चुका है।
अब शहर के लोगों को ज्यादा दिनों तक परेशान नहीं होना पड़ेगा। अधिकारियों की मानें तो आने तो अप्रैल के अंत तक शहर की सभी सड़कों का सुधार हो जाएगा। सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। शास्त्रीनगर एल ब्लॉक पुल से लेकर पीटीएस के सामने से गुर्जर चौक तक सड़क का एक भाग बनकर तैयार हो चुका है। जल्द ही शहर के सभी सड़कों का कार्य पूरा हो जाएगा जिससे लोगों को काफी राहत पहुंचेगी।
इनका होगा कायाकल्प
- शास्त्रीनगर एल ब्लॉक पुल से हापुड़ चुंगी
- एल ब्लॉक से गुर्जर चौक काजीपुर
- जाटव गेट से लिसाड़ी चौक
- ब्रह्मपुरी ओडियन नाले वाली सड़क
- हापुड़ रोड पर ताला फैक्ट्री वाली सड़क
- कमेला चौकी से लिसाड़ी चौक

