- गांव में हड़कंप मचा, मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को दी सूचना
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: जड़ौदा में आम के बाग में एक व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका होने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराने के बाद परिजनों को सूचना दी। तत्पश्चात शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे जड़ौदा स्थित हुमायूं के आम के बाग में पेड़ पर एक व्यक्ति का शव लटका देख लोगों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त कराई। व्यक्ति की पहचान भड़ौली निवासी लविश पुत्र सुभाष के रूप में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि हाल में युवक का परिवार के साथ मेरठ किराए के मकान में रहता है। कभी कभार मृतक गांव में आता-जाता रहता था। इंस्पेक्टर बृजेश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया गया कि लविश दो भाइयों में बड़ा है। तीन वर्ष पूर्व पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। जिसके कुछ समय बाद ही लविश गांव की जमीन बेच मेरठ चला गया और अपनी मां व छोटे भाई अंशुल के साथ मेरठ किराए के मकान में रहता था। बताया कि लविश अविवाहित था और कंपनी में नौकरी करता था। बताया गया कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।
दो पक्षों में खून संघर्ष, एक की मौत, दो घायल
बहसूमा: क्षेत्र के गांव मोड़खुर्द में रंजिशन दो पक्षों में कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। जबकि एक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। थाना प्रभारी इंदू वर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह आठ बजे नसीब अली पुत्र मेहरबान मोड़खुर्द के जंगल में पानी चल रहा था। मोहम्मद जान पुत्र यासीन कुछ साथियों को लेकर मौके पर पहुंचा और खेत में पानी तोड़ने की बात करने लगा। जिसमें दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जिसमें नसीब अली तथा मोहम्मद जान घायल हो गये।
उसके बाद दोनों पक्ष घर पर आ गए और फिर से मारपीट हो गई। जिसमें मोहम्मद अब्बास पुत्र मुख्तियार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि मौत हार्टअटैक से हुई है या फिर सिर में डंडा लगने से हुई है। पीड़ित ने पांच लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है।
किशोरी को सर्प ने डंसा, गंभीर
दौराला: पनवाड़ी गांव में शुक्रवार देर रात दुर्गा माता की पूजा करने के दौरान 14 वर्षीय गुंजन को घर में घुसे सांप ने काट लिया। सांप के काटने पर किशोरी की चीख सुनकर परिजन व पड़ोसी मौके पर पहुंचे और सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को उनके घर में एक सांप घुस आया, लेकिन परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी। रात में पूजा करते समय गुंजन के पैर के अंगूठे पर सांप ने काट लिया। परिजनों ने पड़ोसियों की सहायता से सांप को पकड़ लिया और वन विभाग को सूचना दी। गुंजन को गंभीर हालत में मेडिकल में भर्ती कराया गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण ग्रामीण ही चंदा एकत्रित कर गुंजन का उपचार करा रहे हैं।
खिर्वा से लापता हुआ किशोर, हत्या की आशंका
सरधना: क्षेत्र के एक गांव से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुए किशोर का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। गौरतलब है कि कोतवाली क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव निवासी 13 वर्षीय जुनैद पुत्र यूसुफ करीब पांच माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। तभी से परिजन उसकी तलाश में लगे हुए हैं, लेकिन आज तक किशोर का कुछ पता नहीं चल सका है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में किशोर के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
मगर पुलिस भी उसका सुराग नहीं लग पाई है। अब परिजनों ने किशोर की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने गांव के ही तीन युवकों पर शक जताया है। शनिवार को पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।

