- दो पक्षों के विवाद में आरोपी को हिरासत में लेने पर परिजनों ने पुलिस पर किया हमला
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शराब पीने के दौरान दो युवकों में विवाद हो गया। एक ने रात में ही पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस सुबह मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी के दौरान एक व्यक्ति को पुलिस ने फैंटम पर बैठा लिया। जैसे ही पुलिस उसे लेकर चलने लगी तो उसने पुलिस से अभद्रता कर दी। इसके बाद होमगार्ड ने उसे चांटा जड़ दिया, जिसके बाद चांटा खाने वाले व्यक्ति के बेटे मौके पर आ गए और होमगार्ड व सिपाही पर हमला कर दिया। हमले में होमगार्ड का पैर टूट गया और उसे इलाज के लिए मेडिकल में भर्ती कराया गया है।
घटना थाना क्षेत्र के गांव लिसाड़ी की है। बुधवार देर रात शौकीन गार्डन के रहने वाले जाहिद का राजू पुत्र हाजी यामीन से शराब पीने के दौरान विवाद हो गया। रात में ही स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जाहिद फैंटम पुलिस को लेकर राजू के घर पहुंच गया। पुलिस को राजू तो घर पर नहीं मिला, लेकिन उसके पिता यामीन घर पर थे। इस दौरान फैंटम पर तैनात होमगार्ड अजयपाल और कांस्टेबल मुस्तकीम ने राजू के पिता से जानकारी की तो वह सही जवाब नहीं दे सके। इसके बाद होमगार्ड ने यामीन को चांटा जड़ दिया। यामीन के चांटा लगते ही उसके बेटे घर के अंदर से निकले और होमगार्ड अजयपाल के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
जिसमें उसका पैर टूट गया। जबकि हमला करने वाले मौके से फरार हो गए। इसी बीच कांस्टेबल ने थाने पर सूचना दी तो सीओ कोतवाली तीन थानों देहली गेट, ब्रह्मपुरी व लिसाड़ी पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल होमगार्ड को इलाज के लिए मेडिकल भेजा। वहीं, पुलिस ने घर में खड़े ट्रैक्टर व अन्य वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, इस संबंध में इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट थाना जितेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस पर हमले के आरोप में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें से एक यामीन गिरफ्तार है। बाकी लोगों की तालाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है।
पांच दिन में दूसरी बार हुआ खाकी पर हमला
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की शौकीन गार्डन कॉलोनी में गुरुवार को खाकी पर हमला किया गया। जिसमें एक होमगार्ड का पैर टूट गया। जबकि दूसरे सिपाही ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, खाकी पर हमला होने का महज पांच दिन में यह दूसरा मामला है। इससे पहले भी कंकरखेड़ा बाइपास पर एक ढाबे पर जाम के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बना रही पुलिस पर ढाबा संचालक ने साथियों के साथ हमला कर दिया था। वर्दी पर हमला होना कानून का पालन कराने वालों पर हमला है। वर्दी पहचान है, जो सिखाती है कि देश में कानून का पालन करना जरूरी है,
लेकिन कुछ अराजक तत्व वर्दी के रसूख और उसकी महत्वता को दरकिनार करते हुए इसका अपमान कर रहे हैं। पांच दिन पूर्व 26 मई रविवार रात कंकरखेड़ा क्षेत्र में खड़ौली चौराहे के निकट ढाबे पर हाईवे किनारे जाम लग गया था। जाम खुलवाने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से ढाबा संचालक शकील की कहासुनी हो गई थी। शकील ने फोन कर अपने परिवार और साथियों को मौके पर बुलाकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था। जिसमें एक सिपाही की वर्दी भी फट गई थी। इस मामले में 23 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
मेरठ एसटीएफ ने पकड़ा 50 हजार का इनामी बदमाश
मेरठ एसटीएफ ने गाजियाबाद के चर्चित विक्रम मावी हत्याकांड के इनामी राहुल उर्फ रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने राहुल को लोनी बॉर्डर गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए राहुल पर 50 हजार का इनाम घोषित है। वहीं पकड़ा गया बदमाश राहुल प्रॉपर्टी डीलर विक्रम महावीर हत्याकांड में शामिल था। 11 मई को हुए हत्याकांड के 17 आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं। एसटीएफ मेरठ के एसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि उनकी टीम काफी दिनो से राहुल की तलाश में जगह-जगह दबिशे दे रही थी।
बृहस्पतिवार को जब टीम गाजियाबाद में थी, तभी मुखबिर से राहुल के लोनी के आसपास छिपे होने की सूचना मिली। जिसके बाद एसटीएफ की टीम लोनी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची घेराबंदी के बाद इनामी बदमाश राहुल को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है गिरफ्तारी से पहले राहुल दिल्ली भागने की कोशिश में था। बदमाश को पुलिस मेरठ लेकर आई है और उससे पूछताछ की जा रही है।
सोतीगंज में पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप
चोरी के आरोपियों को पकड़ने गई लोहियानगर पुलिस की दबिश के साथ ही सोतीगंज में हड़कंप मच गया। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी मौके से भाग निकल्ंो जिसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई जिसके बाद पुलिस दोनों को थाने लेकर आ गई। गुरुवार देर शाम लोहियानगर थाने की पुलिस ने सोतीगंज में दो चोरो को पकड़ने के लिए दबिश दी।
बताया जा रहा है पुलिस यूनुस व बिल्ले उर्फ पहाड़ी को पकड़ने आई थी, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही दोनों मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस युनुस के पिता अनस व बिल्ले के भाई आमिर को पकड़कर अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है पुलिस की दबिश पड़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कई दुकानों के शटर नीचे गिर गए, चर्चा रही कि किसी दूसरे राज्य की पुलिस दबिश देने पहुंची है लेकिन बाद में पता चला कि दो दिन पहले लोहियानगर पुलिस ने सोनू उर्फ चाऊमाऊ को गिरफ्तार किया था। उसको साथ लेकर गुरुवार को पुलिस ने दबिश दी।

