- एएसपी कैराना कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: अपर पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और फरियादियों के प्रति अच्छा व्यवहार करने के दिशा निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाली में असलहों के रखरखाव, मालखाने एवं मैस का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखी। साथ ही, आगामी दिनों में होने वाले पंचायत चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के निर्देश दिए।
मंगलवार को एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव कैराना कोतवाली का औचक वार्षिक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी परखी। साथ ही, एएसपी ने कोतवाली में मौजूद असलहों के रखरखाव का निरीक्षण किया। मैस में बने खाने के क्वालिटी चेक की।
सरकारी अभिलेखों के रखरखाव तथा हथियारों की साफ-सफाई के दिशा निर्देश दिए। उसके बाद उप निरीक्षकों व पुलिस कर्मियों की बैठक में उनकी समस्याएं सुनीं तथा जनता से मधुर व्यवहार रखने, फरियादियों को संतोषजनक उत्तर देने व जनता से सीधे जुड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को उलझाने के बजाय सुलझाया जाएं। जन शिकायत समय से सुनें। उप निरीक्षको को कहा कि क्षेत्र में कोई भी छोटी या बड़ी घटना होने पर तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित करें। किसी भी घटना को समय रहते कंट्रोल करने के निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों को सामूहिक भावना से काम करने को कहा। लंबित पड़े मुकदमों की विवेचनाओं की स्थिति को सही करने के निर्देश दिए। आगामी दिनों में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर पुलिसकर्मियों के साथ मंत्रणा की। संवेदनशील व अति संवेदनशील गांवों की सूची बनाने के साथ ही चुनावों को शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष संपन्न कराने के निर्देश दिए।

