- क्रांतिधरा पर प्यार करने पर मिलती है मौत की सजा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: क्रांतिधरा पर प्यार करना गुनाह है और अगर घर वालों की मर्जी कि बिना गैर बिरादरी या गैर धर्म में शादी कर ली तो मुश्किल में पड़ सकते हैं। ऐसा हम नहीं कह रहे हैं बल्कि आॅनर किलिंग के नाम पर बेटियों और उनके प्रेमियों का खून बहाने में जरा भी गुरेज नहीं किया जा रहा है। आॅनर किलिंग को भले ही सामाजिक मान्यता न मिली हो लेकिन इसके खिलाफ आवाज उठाने में भी लोग खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। सरधना में सोमवार को हुई आॅनर किलिंग ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
थाना भावनपुर क्षेत्र के भुड़पुर इलाके में रोमा नाम की एक लड़की अपने ही गांव के रहने वाले राहुल से प्यार करती थी। दोनों ने परिजनों के आगे अपनी शादी का प्रस्ताव रखा। लेकिन लड़की के परिजनों ने उसे ठुकरा दिया। दोनों ने शादी कर ली और अपने अपने घरों में रहने लगे करीब 2 दिन पहले लड़की ने अपने परिवार वालों को शादी के बारे में बताया तो परिवार वालों को यह बात नागवार गुजरी।
उन्होंने घर में ही बेटी को बंधक बनाकर जमकर पीटा। रोमा को इस हद तक पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। फिर घर वालों ने हत्या से जुड़े सबूत मिटाने और लाश को ठिकाने लगाने के लिए श्मशान घाट में जला दिया। इसी तरह थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के करीम नगर में फरमान और साइना ने घरवालों से छुप कर कोर्ट मैरिज कर ली थी। जिसके बाद पति-पत्नी अपने अपने घर में रहने लगे। चार दिन बाद ही घर में साइना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
खुद पति अपनी पत्नी के सुपुर्द-ए-खाक में शामिल हुआ। जिसके कुछ दिन बाद उसे अपनी पत्नी की हत्या की बात पता लगी। पत्नी के हत्यारों को सजा दिलवाने के लिए पति ने जी जान एक कर दिया। जिसके बाद शाइना की हत्या की आशंका जताते हुए 6 परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।आॅनर किलिंग के एक मामले में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी और उसके दोस्त को एक साथ देखकर कथित तौर पर दोनों को गोली मारकर हत्या कर दी।
बधौली गांव में 16 और 18 साल की उम्र के किशोर पिछले कुछ महीनों से दोस्त थे और लड़की के पिता ने उनके रिश्ते पर कड़ी आपत्ति जताई थी। सरधना थाना क्षेत्र के छुर गांव में एक लड़की अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। परिवार उसे तलाश कर रहा था। किशोरी को मथुरा से बरामद कर लिया गया था।
फिलहाल लड़की परिवार के साथ ही रह रही थी। लड़की के बड़े भाई ने तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। सरधना थाना क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामाबाद में एक युवक ने अपनी बहन के प्रेम संबंधों से नाराज होने अपनी बहन की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। भाई ने हत्या को अंजाम देने के बाद कहा कि आज के बाद परिवार की बदनामी नहीं होगी।

