-
दिल्ली को हराकर मुंबई शीर्ष पर
-
दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हराया, डि कॉक बने मैन ऑफ द मैच
अबुधाबी, भाषा: मुंबई इंडियंस ने सलामी बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक (53) और सूर्य कुमार यादव (53) के अर्धशतकों की बदौलत रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग के दिलचस्प मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को दो गेंद रहते पांच विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।
दिल्ली कैपिटल्स ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की नाबाद 69 रन की अर्धशतकीय पारी और कप्तान श्रेयस अय्यर (42) के साथ तीसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी से चार विकेट पर 162 रन बनाए। मुंबई इंडियंस ने यह लक्ष्य 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 166 रन बनाकर हासिल कर लिया। दोनों टीमों ने अपने पिछले तीन मैच जीते थे। लेकिन मुंबई इंडियंस इस जीत से तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई, हालांकि उसके और दिल्ली कैपिटल्स के 10-10 अंक हैं। डि कॉक ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 36 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और तीन छक्के लगाए और सूर्य कुमार यादव (32 गेंद, छह चौके, एक छक्का) ने कैगिसो रबाडा की गेंद पर छक्का जड़कर स्टाइल से अपना नौंवा आईपीएल अर्धशतक जड़ा। सूर्य कुमार यादव ने डि कॉक के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 रन और फिर ईशान किशन (28 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। मुंबई इंडियंस को जीत के लिए अंतिम दो ओवर में 10 रन चाहिए थे। एनरिच नोर्जे के 19वें ओवर में तीन रन बने। अंतिम ओवर में सात रन बनाने थे, कृणाल पंड्या (नाबाद 12) ने चौका लगाया और फिर एक रन लिया। कीरोन पोलार्ड (नाबाद 11) ने एक रन लिया और स्कोर बराबर हो गया। कृणाल पंड्या ने अगली गेंद को चौके के लिए भेज दिया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए रबाडा ने 28 रन देकर दो जबकि आर अश्विन, अक्षर पटेल और मार्कस स्टोइनिस ने एक-एक विकेट झटका। मुंबई ने अपने कप्तान रोहित शर्मा का विकेट सबसे पहले खोया, जो पॉवरप्ले में अक्षर पटेल की गेंद को उठाकर रबाडा को कैच दे बैठे। रोहित का विकेट जल्दी खोने के बावजूद टीम ने डि कॉक की मदद से तेजी से आगे बढ़ना शुरू किया। सूर्य दूसरे छोर पर उनका अच्छा साथ निभा रहे थे। पर 10वें ओवर में आर अश्विन पर डि कॉक बड़ा शॉट खेलना चाहते थे लेकिन पृथ्वी सॉव ने इसे आसानी से लपक लिया।

