Monday, March 16, 2026
- Advertisement -

Weather: कोहरे और शीतलहर की चपेट में दिल्ली, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

जनवाणी संवाददाता |

नई दिल्ली: दिल्ली में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को ठंड ने एक और रिकॉर्ड तोड़ा, जब न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री तक गिर गया। यह पिछले 15 वर्षों में 10 जनवरी की सबसे ठंडी सुबह रही। इससे पहले, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया था। 2011 के बाद से 10 जनवरी को इतना कम तापमान नहीं देखा गया है। 9 जनवरी 2025 में पारा 4.8 डिग्री तक पहुंचा था।

शनिवार सुबह कोहरे और धुंध ने दिल्ली में शुरुआत को और भी सर्द बना दिया, जिससे दृश्यता भी कम हो गई। हालांकि, दोपहर में सूर्यदेव ने अपनी झलक दिखाई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम होकर 20.2 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम था। दिल्ली में इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 44 प्रतिशत रही।

सबसे ठंडा पारा पालम में दर्ज

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में सबसे ठंडा पारा पालम में रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री था। इसके अलावा, रिज में 5.3 डिग्री, आया नगर में 4.5 डिग्री, और लोधी रोड में 4.7 डिग्री न्यूनतम पारा दर्ज हुआ। पालम में सुबह 7:30 बजे विजिबिलिटी केवल 100 मीटर थी, जो 8 बजे घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई, लेकिन 8:30 बजे इसके सुधरने की शुरुआत हुई और फिर 100 मीटर तक वापस आ गई। 9 बजे तक यही स्थिति बनी रही। इस दौरान, हवा मुख्य रूप से पश्चिमी दिशा से 5-7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। वहीं, सफदरजंग माप स्टेशन पर सुबह 7:30 बजे विजिबिलिटी 200 मीटर थी, जो 8 बजे बढ़कर 300 मीटर और 9 बजे 400 मीटर हो गई।

कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति

मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली में कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति रहने और सुबह के समय कई जगहों पर मध्यम कोहरा जबकि कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में दोपहर के वक्त 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से सर्द हवाएं चलने का अनुमान है। इसके साथ ही दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।

हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान

मौसम विभाग ने दिल्ली में 12 से लेकर 16 जनवरी के दौरान सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान जताया है। दिल्ली में 12 और 13 जनवरी को कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। दोनों ही दिन दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिल्ली में 13 से लेकर 15 जनवरी तक 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है।

ऐसा रह सकता है 16 जनवरी तक का हाल

दिल्ली में 14 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। इसके बाद 15 और 16 जनवरी को इसके 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। दिल्ली में 13 जनवरी से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली में 16 जनवरी को भी हवा की गति कम होकर 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

UP: मुरादाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, चार युवकों की मौत

जनवाणी ब्यूरो । नई दिल्ली: भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी।...

सिलेंडर बिन जलाए रोटी बनाने की कला

मैं हफ्ते में एक दिन आफिस जाने वाला हर...

सुरक्षित उत्पाद उपभोक्ता का अधिकार

सुभाष बुडनवाला हर वर्ष 15 मार्च को विश्व भर में...

पुराना है नाम बदलने का चलन

अमिताभ स. पिछले दिनों, भारत के एक राज्य और कुछ...
spot_imgspot_img