- शहर के इलेक्ट्रॉनिक बाजार हुए गुलजार, जमकर हो रही खरीदारी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिन पर दिन गर्मी तेवर दिखा रही है। इससे राहत पाने के लिये जहां पहले लोग घरों को ठंडा रखने के लिये आंगन में पानी का छिड़काव किया करते थे। वहीं, आज आधुनिक सुख-सुविधाओं के चलते लोग एक से बढ़कर एक कूलर और एसी का प्रयोग कर रहे हैं। गर्मी से राहत पाने के लिये लोग आॅफिस, विद्यालयों व घरों को ठंडा रखने के लिए खरीदारी कर रहे हैं। इसको देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक बाजार भी गुलजार है। बाजारों में हर वर्ग की आय तथा सुविधा को देखते हुए एसी व कूलर उतारे गये हैं। खास बात ये है कि मोबाइल की तरह अब एसी और कूलर भी आप फाइनेंस करा सकते हैं।
बाजार में सेंसर कन्वर्टिबल वाले एसी की खूब मांग हो रही है। इस एसी की खास बात ये है कि यह कमरे के तापमान को खुद सामान्य कर देता है। इसके साथ ही एसी में फोर-वे स्विंग की सुविधा भी आ रही है। जिसमें दाएं-बाएं, ऊपर-नीचे चारों तरफ एसी हवा पास करेगा। साथ ही इनमें हेक्सा इनवर्टर की भी तकनीक दी गई है। जिससे बिजली की खपत कम होगी और कमरा ज्यादा जल्दी ठंडा होगा। एसी में सेफ क्लीन की भी सुविधाएं उपलब्ध है। एसी के निरंतर चलने से उसकी जाली पर गंदगी बैठ जाती है। जिसको निकालकर साफ करना पड़ता था। अब ऐसे एसी आ रहे हैं कि जिनको साफ करने की जरूरत नहीं पड़ती है। यह अपने आप ही रिमोर्ट से एक बटन दबाकर साफ हो जाते हैं।

बाहुबली और थार कूलर की डिमांड
रामा इंटरप्राइजेज के मालिक पुलकित गोयल बताते हैं कि बाजार में यूं तो हेवेल्स, उषा, बजाज, लिप प्योर, सिंफनी आदि कम्पनियों के कूलर आए हुए हैं। जिनकी कीमत 5000 रुपये से शुरू होकर 16000 रुपये तक है, लेकिन इनमें बाहुबली और थार कॉमर्शियल कूलर की डिमांड सबसे अधिक है। ऐसा इसलिए क्योंकि इनमें हनी कॉम वाले पैड आते हैं, यानि कि गत्ते के बने पैड जिनकी वजह से न सिर्फ कूलर की लाइफ ज्यादा होती है। अपितु इन्हें बार-बार बदलना भी नहीं पड़ता और यह ठंडा भी ज्यादा करते हैं। इनमें 100 लीटर व 120 लीटर के कूलर उपलब्ध है। इसके साथ ही पावर कूलर ने भी ग्राहकों का मन जीत रखा है।
सेल्फ फाइनेंस की सुविधा उपलब्ध
वैल्यू प्लस के स्टाफ हेड सिद्धार्थ शर्मा बताते हैं कि एसी और कूलर खरीदने में सबसे बड़ी खासियत ये है कि हर कोई चंद पैसे देकर एसी और कूलर खरीद सकता है। एसी पर 8000 रुपये का डाउन पेमेंट करके खरीदा जा सकता है। वहीं, कूलर पर 2500 रुपये से 3000 रुपये तक जमा करके कूलर घर लाया जा सकता है।

