जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी और कपिल मोहड़ा के नेतृत्व में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मौलाना महमूद मदनी के हालिया बयान को बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ बताया गया है, जिस पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही जमीयत उलेमा-ए-हिंद द्वारा देवबंद में किए जा रहे निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराने की भी मांग की गई।
हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि जमीयत उलेमा-ए-हिंद के महासचिव और देवबंद निवासी मौलाना महमूद मदनी ने हाल ही में भोपाल में दिया गया बयान न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि देश की शांति, सद्भाव और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है। संगठनों के अनुसार, बयान में सर्वोच्च न्यायालय पर टिप्पणी कर मुसलमानों को भड़काने और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने का प्रयास किया गया है, जो राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि देवबंद के करंजाली मार्ग पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जो बिना किसी अनुमति और आवश्यक प्रक्रियाओं के किया जा रहा है। संगठनों का कहना है कि यहां न तो धारा-80 (आबादी दर्ज) कराई गई है और न ही किसी सरकारी विभाग से स्वीकृति ली गई है, जबकि क्षेत्र में चकबंदी प्रक्रिया चलने के कारण निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य जारी है, जिसे जांच का विषय बताया गया। ज्ञापन में यह आशंका भी जताई गई कि इस निर्माण में हवाला या विदेशी धन का उपयोग संभव है।
ज्ञापन देने वालों में सागर भारद्वाज, आर्यन शर्मा, विपुल त्यागी, पंकज रोहिला, शिवा त्यागी, अभिनव कौशिक, अनिल, शानू, आदित्य, अजय, अंतिश, शुभम आदि शामिल थे।

