- पुलिस पर लगाया फैसले के लिए दबाव बनाने का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ितों ने सोमवार को एसपी आफिस पर धरना दिया। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों से मिली हुई है और उन पर फैसले के लिए दबाव बना रही है। इस दौरान पीड़ितों की एसपी कार्यालय पर उपस्थित पुलिस कर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पुलिस सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मीतली में गत 21 मार्च को गांव के ही रास्ते से गाड़ी हटाने को कहने पर गांव के ही श्रीपाल के परिवार ने खेमचंद के परिवार पर लाठी डंड़ों से हमला कर दिया था। जिससे खेमचंद के अलावा खेमचंद का 16 वर्षीय पुत्र आकाश व दो अन्य घायल हो गए थे। आकाश की दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान गत 8 मार्च को मृत्यु हो गई थी।
पीड़ितों ने पुलिस पर आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई ने करने का आरोप लगाते हुए किशोर के शव को डीएम आवास पर रखकर जमकर हंगमा किया था। उस समय पीड़ितों को एसडीएम व सीओ बागपत ने आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था।
पुलिस ने गत 9 मार्च को एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया था। इस मामले में अब तक 11 आरोपी जेल जा चुके हैं। चार आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है। पीड़ितों के अनुसार मुख्य आरोपी मंत्रालय में नौकरी करता है। आरोप है कि पुलिस उसके दबाव में काम कर रही है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय पीड़ितों पर फैसले का दबाव बना रही है।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी फैसले न करने पर उन्हें परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर पीडितों ने सोमवार को एसपी कार्यालय पर धरना दिया । इस दौरान पुलिस कर्मियों से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई।

