- मजदूर यूनियन ने जिलाधिकारी को सौंपा मांग पत्र
जनवाणी संवाददाता |
शामली: मजदूर यूनियन ने जनपद के ईंट भट्ठा मजदूरों को 623 प्रति हजार पथाई रेट के अलावा भट्ठों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
मंगलवार को मजदूर यूनियन की एक बैठक कलक्ट्रेट में राष्ट्रीय अध्यक्ष जयपाल सिंह मिठारिया की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से सात सूत्रीय मांगों का एक प्रस्ताव पास किया गया। मजदूर यूनियन ने कच्ची ईंट पथाई का रेट शासनादेश के अनुसार 623 प्रति हजार रुपये दिए जाने की मांग की है।
इसके अलावा ईंट भट्ठों पर मजदूर परिवारों के लिए चिकित्सा सुविधा, शौचालय, शिक्षा व्यवस्था आदि भी मांग की। साथ ही, कुम्हार, निकासी, बेलदार आदि की मजदूरी भी शासनादेश द्वारा तय किए जाने की मांग सरकार से की गई।
मजदूर यूनियन ने ईंट भट्ठों पर बाल श्रमिक जो 18 वर्ष से कम आयु के हैं, उन से कार्य न कराए जाने तथा श्रमायुक्त द्वारा बाल श्रमिक द्वारा कार्य किए जाने पर रोक लगाए जाने की मांग की गई। इसके बाद यह मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा गया।
इस दौरान मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष कुलदीप कुड़ाना, भारत भूषण, प्रवीण कुमार, पप्पू कुड़ाना, बबलू काबडौत, सतीश आदि मौजूद रहे।

