- शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति के किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया। किसानों ने समस्या का समाधान शीघ्र करने तथा समाधान न होने पर अपना विरोध तेज करने की चेतावनी दी।
सोमवार को भाकियू के जिलाध्यक्ष डा. नरपाल सिंह राणा के नेतृत्व में तहसील परिसर में एकत्रित हुए किसानों ने पंचायत की और किसानों की तमाम समस्याओं को लेकर चर्चा की। किसान नेता नरपाल सिंह राणा ने कहा कि यदि किसानों की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन करने को बाध्य होगे।
पंचायत के बाद किसानों ने एसडीएम ब्रजेश कुमार को दिए गए ज्ञापन में आवश्यक वस्तुओं का अनवाश्यक रूप से भंडारण व जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने, नकली कीटनाशक दवाईयों का व्यापार वालों पर कड़ी कार्रवाई करने, धान क्रय केन्द्र जल्द से जल्द से शुरू कराने, किसानों की फसलों के दाम का भुगतान 15 दिन के भीतर करने, समस्त गन्ना भुगतान ब्याज समेत जल्द से जल्द कराने आदि मांगे रखी। उन्होंने कहा कि किसानों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में महफूज अख्तर, दिनेश कुमार, नौशाद हुसैन, सुमेर सिंह, मोहित कुमार, शाहनवाज आदि मौजूद रहे।

