- रैली में किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
- किसानों ने निकाली विशाल ट्रैक्टर रैली
जनवाणी संवाददाता |
नांगल सोती: केंद्र सरकार द्वारा लाये गए तीनों कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर तीनों कानूनों को वापस लेने की मांग की। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए तीनों कानूनों को किसान विरोधी बताया। रैली में ट्रैक्टरों की बड़ी संख्या देखकर किसान नेता गदगद नजर आये।
गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन के नेतृव में किसानों ने नांगल बस स्टैंड से सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ विशाल रैली निकालकर अपनी शक्ति का एहसास कराया। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताते हुए तीनों कृषि कानून जबरन किसानों पर लादने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों के दबाब में आकर तीन काले कृषि कानून जबरन किसानों पर थोपना चाहती है।
किसान पिछले काफी दिनों से इन कृषि कानूनों को वापस कराने की लड़ाई लड़ रहा है। जिसमे 60 से ज्यादा किसान आंदोलन के दौरान शहीद हो चुके है। लेकिन सरकार कई दौर की वार्ता के बाद भी कानून वापस लेने को राजी नही है। लेकिन जब तक सरकार ये तीनो काले कानून वापस नही लेगी तब तक किसान इसी तरह आंदोलन करता रहेगा।
वही उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी मिल मालिकों के हाथों की कठपुतली बन चुकी है। गन्ना मिल आरम्भ हुए 2 माह से ज्यादा का समय बीत गया है लेकिन योगी सरकार गन्ने का भाव घोषित करने को राजी नही है।
जिसके बाद किसानों के सैकड़ों ट्रैक्टरों का काफिला शहजादपुर, नांगल सोती, जीतपुर, खानपुर, हरचन्दपुर, सौफ़्तपुर, कमराजपुर, चन्दक, पुण्डरी कला, पुंड्ररी खुर्द आदि गांवों से गुजरता हुआ वापस नांगल पहुँचा। ट्रैक्टर रैली के दौरान पुलिस सुरक्षा के लिए आगे चल रही थी। ट्रैक्टर रैली का नेतृव किसान नेता अवनीश कुमार , अजयपाल उर्फ़ गुड्डु, सत्यपाल सिंह, हुकम सिंह, कामरेड विजय चौधरी, नरदेव सिंह, कुलवीर सिंह, मुकेश कुमार, उस्मान, आदि कर रहे थे।

