जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 75 नए विकास खंड कार्यालय बनाए जाएंगे। ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि इसके लिए जल्दी से जल्दी प्रस्ताव बनाकर बनाकर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा पुराने जर्जर विकास खण्ड भवनों की मरम्मत का प्रपोजल भी बनाकर दिया जाए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरो के निर्माण के संबंध में स्टेट लेवल पर नोडल अफसर की तैनाती की जाए।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रदेश के 7500 अमृत सरोवरो पर झंडारोहण किया जाएगा, उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्य योजना बना ली जाए कि प्रत्येक जिले में 75 अमृत सरोवरों पर झंडारोहण हो सके। केशव प्रसाद मौर्य विधान भवन स्थित अपने कार्यालय में ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत सरोवरो के निर्माण कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए। अमृत सरोवर आकर्षक बनाये जांय और ग्रामीण पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किए जाएं। वहां पर अच्छी किस्म के बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि वहां पर वृक्षारोपण की पर्याप्त व्यवस्था की जाए और पौधों की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। अमृत सरोवरो के निर्माण में निर्धारित गाइडलाइन का पालन किया जाए। श्री मौर्य ने बुंदेलखंड में प्राचीन काल में बनाए गए तालाबों का उदाहरण देते हुए कहा कि प्राचीन काल में बुंदेलखंड में बहुत अच्छे तालाब बनाए गए हैं, उसी तरह के तालाब-अमृत सरोवरों का निर्माण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अमृत सरोवरों के निर्माण के निरीक्षण की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत की जाए। अमृत सरोवरो के निर्माण में पैसे की कहीं कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। कृषि उत्पादन आयुक्त-अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास विभाग मनोज कुमार सिंह ने बताया गया कि 12 हज़ार अमृत सरोवरो पर काम चल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य पर अधिक से अधिक फोकस किया जाए और वहां पर उच्च कोटि के शिलान्यास-उद्घाटन के पत्थर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी तालाब में कहीं भी जलकुंभी नहीं रहनी चाहिए इसका कार्य मनरेगा से कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड के अंदर 10-10 गांवों में कैंप लगाकर मनरेगा जॉब कार्डाे के सत्यापन की कार्रवाई की जाए तथा वहां पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दिए गए 10 आवासों का निरीक्षण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जॉब कार्ड को आधार से जोड़ने की कार्यवाही में तेजी लाई जाय।

