- चौघड़िया मुहूर्त में खरीदारी होगी लाभकारी
- सुबह 7 बजकर 50 मिनट से शुरू हो जाएगी खरीदारी
- सोना और चांदी खरीदना भी होगा लाभकारी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: त्योहारी सीजन की बहार बह रही है। बाजार सजकर तैयार है, खरीदारी के लिए बाजार में लोगों की भीड़ भी उमड़ने लगी है। आॅटोमोबाइल, इलेक्ट्रोनिक्स, सर्राफा, रीयल एस्टेट, सजावट आदि के कारोबार में तेजी से व्यापारियों के चेहरे खिलने लगे है। आॅफरों की धूम से बाजार में बूम के आसार है। धनतेरस से पहले ही बाजार दमकने लगा है। लोगों ने पहले से ही बाइक, कार और जेवरात की बुकिंग करा रखी हैं, जोकि आज धनतेरस पर डिलीवरी दी जाएगी। वहीं सर्वार्थ सिद्धि और पुष्प नक्षत्र के योग में खरीदारी करना लाभकारी होगा।
जिससे मंदी की सुस्ती टूटेगी और 6 करोड़ से अधिक का बाजार होने की उम्मीद व्यापारियों ने लगा रखी हैं, जिससे बाजार को रफ्तार मिलेगी। बता दें कि धनतेरस के लिए आबूलेन, बेगमपुल, सेंट्रल मार्किट, शारदा रोड, शहर सराफा समेत शहर के सभी छोटे बाजारों में दीवाली की चमक दिखने लगी है और बाजार भी सजकर तैयार हो गए है।
शादी के लिए भी गहने बुक
सराफा बाजार भी अपनी चमक बिखेर रहा है। सराफा व्यापारियों के मुताबिक हल्के गहनों के साथ ही आने वाले दिनों शादी के सीजन को ध्यान में रखकर लोगों ने खरीदारी शुरु कर दी है। सोने के दामों में इजाफा होने के बाद सराफा कारोबारियों में बाजार की मंदी दूर होने की आस जग गई है।

क्योंकि दीवाली के तुरंत बाद सहालग की धूम शुरू होने जा रही है। त्रिपुंड ज्वैलर के संचालक सर्वेश सर्राफ का कहना है कि सोने के दाम बढ़ने से इस बार हल्के गहनों की अधिक डिमांड है। लोगों की पसंद को ध्यान में रखकर बाजार में जेवरात को उतारा गया है।
चांदी के बर्तन भी मोह रहे मन
इस बार चांदी के बर्तनों का चलन बढ़ गया है। खास बात यह है कि सामान्य तौर पर प्रयुक्त होने वाले बर्तनों के अलावा लड्डू गोपाल के भोग के बर्तन भी बाजार में छाए हुए हैं। साथ ही लक्ष्मी गणेश भी बाजार में सज गए हैं। तीन हजार रुपये से भगवान की मूर्तियों की शुरुआत हो रही हैं, जिनकी कीमत एक लाख रुपये से भी ऊपर है। दो गिलास, दो बड़ी कटोरी व दो थाली के सेट की कीमत 12 हजार रुपये से शुरू है।
कपड़ों पर भी भारी छूट
त्योहारी सीजन में सबसे अधिक छूट इस समय कपड़ों पर मिल रही है। शहर के सभी बाजारों व मॉल में नामी कंपनियों ने कपड़ों पर आॅफर निकाल रखे है। इतना ही नहीं नामी कंपनियों ने कपड़ों पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट दी हुई है। साथ ही बाई टू, गेट वन फ्री जैसे आॅफर भी बाजार में मिल रहे है। वहीं, इलेक्ट्रोनिक में मोबाइल व चांदी के सिक्के, उपहार कूपन जैसी स्कीम भी लोगों को दी जा रही है।

