जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार को पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय सहारनपुर की वार्षिक पत्रिका नवोदय प्रभात का विमोचन किया। यह पत्रिका पहली बार प्रकाशित की गई है, जिसमें कक्षा 6 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लेख, अध्यापकों के विचार और विद्यालय की गतिविधियों का विस्तृत विवरण शामिल है।
विमोचन अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह पत्रिका विद्यार्थियों में रचनात्मक लेखन की प्रेरणा जगाने के साथ-साथ विद्यालय के गौरवमयी क्षणों को दर्ज कर भविष्य के लिए संजोकर रखेगी। उन्होंने पत्रिका टीम के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार ने बताया कि पत्रिका में विद्यार्थियों की मौलिक रचनाएं सम्मिलित हैं, जो उनकी सृजनात्मक प्रतिभा और विद्यालय की प्रगति को उजागर करती हैं। उप प्राचार्य डॉ. अंजली ध्यानी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां छात्रों की बौद्धिक क्षमता और रचनात्मक कौशल को विकसित करती हैं।
पत्रिका विमोचन समारोह में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सलिल कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्वेता पाण्डेय, छात्र संपादक अंश पटवा व अपूर्वा चौहान तथा हिंदी अध्यापक धर्मेन्द्र मौजूद रहे।

