- क्षेत्र में ट्रांसफार्मर लूटने वाले गिरोह का आतंक, 11 ट्रांसफार्मर किए क्षतिग्रस्त
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जनपद और देहात में सितंबर में डकैती, चोरी और लूट की वारदातें हुई। ज्यादातर घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका। बदमाश बेखौफ आज भी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। आपराधिक घटनाओं पर गौर करें तो बदमाशों को पुलिस का कोई खौफ नहीं है। विधानसभा चुनाव की मुनादी पिटी तो जनता से सोचा कि शायद इसी बहाने क्राइम कुछ कम होगा, लेकिन यह क्या? क्राइम तो दिनोंदिन बढ़ रहा है।
लॉ एंड आर्डर कायम करने में अक्षम मेरठ पुलिस आम जनता को सुरक्षा की गारंटी नहीं दे पा रही है। बदमाश बेखौफ लूट और डकैती की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। कहीं न कहीं पुलिसिंग की कमी से वारदातें हो रही हैं। आमतौर पर लूट और चोरी की वारदात का समय और जगह निश्चित होती है। पुलिस को चाहिए कि ऐसे स्थानों को चिह्नित कर गश्ती को बढ़ाए। पिकेट और प्वाइंट पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पर शिकंजा कसा जाए। क्राइम कंट्रोल के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
जनपद में बाइक सवार लुटेरों का आतंक मचा हुआ हैं। बदमाश आए दिन लोगों से लूटपाट कर रहे हैं। बाइक पर सवार लुटेरे राहगीरों से मोबाइल, चैन आदि सामान लूट कर आसानी से फरार हो जाते हैं। पुलिस की सुस्ती और निष्क्रियता से शहर की जनता लुटेरों के डर से भयभीत हैं। पुलिस बेखौफ बदमाशों पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। पूर्व में भी लूट की कई वारदातें जनपद में हुई है।
हथियार के बल पर बदमाशों ने ट्रांसफार्मर लूटे
सरधना रोड और खिर्वा रोड के आसपास के क्षेत्र में ट्रांसफार्मर लूटने वाले गिरोह का आतंक छाया हुआ है। बदमाश निमार्णाधीन कॉलोनी में घुसते हैं और वहां लगाए गए ट्रांसफार्मरों को लूट कर फरार हो जाते हैं। इतना ही नहीं जो कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड मिलते हैं। उनको गन प्वाइंट पर लेकर आतंकित करते हैं और उन्हें बंधक बनाकर डाल देते हैं। मंगलवार रात भी दीवान चंद एंक्लेव में बदमाशों ने दो सुरक्षा गार्डों को गन पॉइंट पर ले लिया और 250 किलो वाट के ट्रांसफार्मर उखाड़ ले गए। वहीं, खिर्वा रोड पर अमोलिक एंक्लेव से 250 किलोवाट का ट्रांसफॉर्मर उखाड़ लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मेरठ-करनाल मार्ग पर मंगलवार रात बदमाशों ने कई घटनाओं को अंजाम दिया। एक कॉलोनी में दुकान में कुंबल कर पांच-छह लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। वही दीवान चंद एंक्लेव में आठ बदमाशों ने सुरक्षा कर्मियों को गन प्वाइंट पर ले लिया। एक सुरक्षाकर्मी ने भागने का प्रयास किया तो उसे बदमाशों ने घेराबंदी का पकड़ लिया और मकान में बैठाकर तमंचा सटा दिया। इसके अलावा अन्य बदमाशों ने यहां पर रखे दो ट्रांसफार्मरों को उखाड़ डाला। हाइटेंशन लाइन के तारों को अलग-अलग बांधकर ट्रांसफार्मर से सामान चोरी करके ले गए।
इसके अलावा खिर्वा रोड स्थित अमोलिक एंक्लेव से भी 250 किलोवाट का एक ट्रांसफार्मर बदमाशों ने उखाड़ लिया। इसकी सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वही लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बदमाशों का आतंक बढ़ गया है। पिछले कुछ ही दिनों में बदमाशों ने 11 ट्रांसफार्मर उखाड़ लिए हैं और अभी तक एक भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी।
नंगला आर्डर के जंगल में चोरों का आतंक
क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की रात चोरों ने नंगला आर्डर गांव के जंगल में नलकूपों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दर्जनभर नलकूपों से विद्युत मोटर, स्टार्टर व अन्य कीमती सामान चोरी कर किया। बुधवार को किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो चोरी का पता चला। चोरी की घटना से किसानों में रोष फैल गया। मंगलवार की शाम को किसान अपने खेतों की सिंचाई करके घर लौट गए। देर रात को मौका पाकर चोरों ने नलकूपों पर धावा बोल दिया।
चोरों ने सरधना के नईम, चौधरी पप्पन, शराफत, चौधरी बुंदू, आशु चौधरी व नंगला आर्डर के किसान उमेश, दीपक तथा अशोक आदि के नलकूपों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद चोरों ने नलकूपों से विद्युत मोटर, स्टार्टर, केबल, कृषि यंत्र व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। बुधवार सुबह किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो चोरी का पता चला। चोरी की घटना से किसानों में रोष फैल गया। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित किसानों द्वारा कोतवाली में घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
मुल्हैड़ा में घेर से चोरी हुए पशु
मंगलवार की रात चोरों ने मुल्हैड़ा गांव में घेर से दो पशु चोरी कर लिए। चोरों ने कुंबल करके चोरी की घटना को अंजाम दिया। बुधवार को पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंच कर चोरी की तहरीर देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली क्षेत्र के मुल्हैड़ा गांव निवासी विनोद पुत्र विजयपाल ने अपने घर में पशु पालन कर रखा है। मंगलवार की शाम को विनोद पशुओं का चारा करके घर चला गया।
देर रात को चोरों ने उसके घर में कुंबल कर दिया। इसके बाद यहां से एक भैंस चोरी कर ली। इसके अलावा गांव के ही विनोद पुत्र करण के घेर से भी एक भैंसा चोरी कर लिया। बुधवार सुबह ग्रामीण अपने घेर में पहुंचे तो चोरी का पता चला। कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष के लोग कोतवाली पहुंच गए। पीड़ितों ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।
नकदी और रिक्शा लूटा अधमरा कर सड़क पर डाला
क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर हजारों की नगदी व ई-रिक्शा लूट लिया। इसके बाद उसे अधमरा करके दौराला क्षेत्र में डालकर फरार हो गए। कोतवाली क्षेत्र के मंढियाई गांव निवासी नवाबुद्दीन पुत्र जरीफ ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। परिजनों के अनुसार बीते मंगलवार को कुछ युवक उसके रिक्शा में बैठे और दौराला रोड की ओर ले गए।
रास्ते में आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर करीब पांच हजार रुपये की नगदी व रिक्शा लूट लिया। इसके बाद उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बदमाश उसे दौराला क्षेत्र में डालकर फरार हो गए। रात तक युवक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। बुधवार को युवक दौराला में अधमरी हालत में पड़ा मिला।
दौराला थाना पुलिस ने मामला सरधना का बताते हुए चलता कर दिया। इसके बाद परिजन उसे सरधना सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां हालत गंभीर देखते हुए युवक को मेरठ रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक बेहोशी की हालत में है।
व्यापारी की दुकान में कुंबल, लाखों का माल साफ

मेरठ-करनाल हाइवे पर ड्रीम सिटी के कालोनी के पास बनी विनोद मलिक की अंबे ट्रेडिंग कंपनी की दुकान है। मंगलवार देर रात चोरों ने दुकान की पीछे की दीवार मे कुम्बल कर दुकान से करीब पांच से छह लाख रुपयों का सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए। जब बुधवार सुबह दुकान मालिक विनोद अपनी दुकान को खोलने के लिए पहुंचे। तो उन्होंने देखा कि दुकान की दीवार तोड़कर सामान चोरी कर लिया और अन्य सामान बिखरा हुआ पड़ा है। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। दुकान मालिक विनोद मलिक ने थाने चार चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।

