जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: स्मार्ट सिटी चेयरमैन व मंडलायुक्त डाॅ.लोकेश एम ने आज स्मार्ट सिटी अधिकारियों के साथ जीपीओ रोड़ व घंटाघर से कचहरी पुल तक स्मार्ट रोड़ का निरीक्षण किया और वर्षा के कारण हुई क्षति को देखा। उन्होंने अधिकारियों को कार्य जल्दी से जल्दी पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को अंडर ग्राउंड केबलिंग का कार्य भी शीघ्र पूरा करने के लिए कहा।
उन्होंने हैडिल चीफ एके आत्रे से कहा कि जीपीओ रोड़ व स्मार्ट रोड़ पर अंडर केबलिंग का कार्य शीघ्र करायें ताकि स्मार्ट रोड का कार्य पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के कार्य में देरी के कारण स्मार्ट रोड़ के काम में विलंब हो रहा है, अब और ज्यादा विलंब नहीं किया जा सकता।

मंडलायुक्त ने घंटाघर से कचहरी पुल तक स्मार्ट रोड़ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश के कारण जो इंटर लाॅकिंग बैठ गयी हैं, उन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए। कोर्ट रोड़ के फुटपाथ पर बनाये गए प्लांटर को हटाने तथा जहां पौधारोपण किया जाना है, वहां पौधारोपण कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी के डीजीएम दिनेश कुमार, कंपनी सचिव शंकर तायल, अधिशासी अभियंता अमरेन्द्र गौतम, अधिशासी अभियंता विद्युत पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।

