- आईएमए की ओर से जारी किया पत्र
- राजस्थान के डा. अर्चना शर्मा के प्रकरण को लेकर बनी योजना
जनवाणी संवाददाता
मेरठ: राजस्थान में महिला डॉक्टर के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज किये जाने और उन्हें प्रताड़ित किये जाने पर उनके द्वारा आत्महत्या किये जाने पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने एक दिन की हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन करने की बात कही है। जिसके चलते सभी निजी डॉक्टर आज हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान सभी स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहेंगी। इमरजेंसी सेवाओं पर भी रोक रहेगी। हड़ताल के कारण मरीजों को भी परेशान होना पड़ेगा।
आईएमए मेरठ शाखा सचिव डा. अनुपम सिरोही ने बताया राजस्थान के दौसा निवासी डा. अर्चना को इलाज के दौरान एक मरीज की मृत्यु के पश्चात प्रताड़ित किया गया। उन पर फर्जी धाराओं में 302 का मुकदमा कायम हुए जिसके बाद उन्होंने सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या कर अपनी बेगुनाही का सुबूत दिया। उनकी मौत को लेकर आईएमए की ओर से तत्काल एक बैठक गुरुवार को आईएमए हॉल में बुलाई गई और इसके विरोध में एक अप्रैल दिन शुक्रवार को एक दिवसीय हड़ताल का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि एक अप्रैल सुबह 8 बजे से लेकर 2 अपै्रल सुबह 8 बजे तक सभी निजी मेडिकल सेवाएं ठप रहेंगी। सभी निजी डॉक्टर हड़ताल में शामिल रहेंगे और इसके अलावा अस्पतालों में भी इमरजेंसी सेवाएं ठप रहेंगी। डॉक्टरों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने और उनके खिलाफ मुकदमे कायम किये जाने की मांग की है।
मरीजों को होगी परेशानी
इस हड़ताल पर किसी से फर्क पड़े या न पड़े, लेकिन मरीजों को परेशान होना पड़ेगा। शहर में बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने के लिये आते हैं। डॉक्टरों के यहां लोग घंटों घंटों लाइन लगाकर बैठते हैं। ऐसे में अगर हड़ताल रहेगी तो यहां गांव देहात से इलाज कराने आने वाले मरीजों को काफी परेशान होना पड़ेगा। उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

