- तहसील प्रशासन खतौनी की तर्ज पर घरौनी तैयार किए जाने में जुटा
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: स्थानीय तहसील प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को नगरीय क्षेत्रों की तरह ही ग्रामीण आबादी में स्वामित्व के लिए खतौनी की तर्ज पर घरौनी तैयार किए जाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए तहसीलदार के निर्देशन में ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रोन उड़ा कर सर्वेक्षण कार्य किया गया।
सोमवार को तहसीलदार नजीबाबाद राधेश्याम शर्मा के नेतृत्व में जुटी राजस्व टीमों ने तहसील के किरतपुर ब्लाक के ग्राम सुल्तानपुर सादात, रसूलपुर अलाउद्दीन, बूढ़पुर मुफ्ती, सीकरी तथा किशनपुर में ड्रोन की मदद से नक्शा तैयार करने के लिए मकानों की चौहदी आदि पर चूना डलवाने का कार्य किया।
उक्त कार्य में सर्वे आफ इंडिया की टीमं ने ड्रोन को नियंत्रित कर नक्शा तैयार किया। इस दौरान ग्रामीण आबादी क्षेत्र के मकानों की हदबंदी कर चूना डाला गया। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा के मुताबिक प्रशासन की ओर से तैयार तथा सर्वे टीम की ओर से तैयार नक्शे का मिलान किए जाने के बाद मकान स्वामी को घरौनी जारी की जाएगी। उनके मुताबिक एक माह में नजीबाबाद व किरतपुर ब्लाक के गांवों का सर्वे का कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान टीम में राजस्व निरीक्षक वेद प्रकाश सिंह, लेखपाल अभिषेक द्विवेदी, लेखपाल नूर एन अली, ग्राम्य विकास अधिकारी विशाल भारद्वाज, सौरभ आरवान, विनित कुमार आदि मौजूद रहे।

