- सोसाइटी में हंगामा, भारी पुलिस फोर्स के साथ एएसपी मौके पर
- पुलिस के पहुंचने पर प्रॉपर्टी डीलर ने फ्लेट के गेट किए बंद, दरवाजा पिटती रही पुलिस
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: ब्रह्मपुरी थाना के दिल्ली रोड सुपरटेक के डी-ब्लॉक में नशे में धुत एक प्रॉपर्टी डीलर जिनका नाम मोहित अग्रवाल बताया गया है, ने गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड सहारपुर निवासी धर्मेंद्र शर्मा पर कई फायर झोंक दिए। केवल फायर ही नहीं झोंके, आरोप है कि नशे में धुत प्रॉपर्टी डीलर ने जान बचाकर भाग रहे सिक्योरिटी गार्ड का दूर तक पीछा भी किया। भागते-भागते सिक्योरिटी गार्ड झाड़ियों में कूद गया। सिक्योरिटी गार्ड धर्मेंद्र पुत्र रामकिशन शर्मा की सुपरटेक के डी ब्लॉक में डयूटी है।
शुक्रवार देर रात एक कार वहां पहुंची इस कार में प्रॉपर्टी डीलर मोहित अग्रवाल सवार थे। उनके साथ मोहम्मद फैज ड्राइवर मौजूद था। सिक्योरिटी गार्ड ने रजिस्टर में एंट्री करने को कहा। इस बात पर प्रॉपर्टी डीलर गुस्से से उबल गए। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि वह टावर के आठवें माले पर पहुंचे। वहां से पिस्टल लेकर नीचे आए और सिक्यरिटी गार्ड को निशाना लगाकर फायर झोंक दिया। अचानक सिक्योरिटी गार्ड नीचे बैठ गया। गोली ऊपर से निकल गयी। वह जान बचाकर वहां से भागा। उसके पीछे हाथ में लोडेड पिस्टल लिए मोहित अग्रवाल दौड़ रहे थे।
उन्होंने एक ओर फायर किया, लेकिन वह भी नहीं लगा। इस बीच जान बचाने के लिए सिक्योरिटी गार्ड झाड़ियों में कूद गया। तब तक पूरे ब्लॉक में हंगामा हो गया। लोग फ्लेटों से बाहर आ गए। सूचना पर एएसपी अंतरिक्ष जैन व ब्रह्मपुरी पुलिस पहुंच गयी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले मोहित अपने फ्लेट में पहुंच गए। पुलिस उनके फ्लेट का दरवाजा पीटती रही, लेकिन गेट नहीं खुला गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी है। एएसपी ने बताया कि साक्ष्य व तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।
शास्त्रीनगर के पार्लर में महिला से बदसलूकी पर मारपीट, हंगामा
मेरठ: शास्त्री नगर स्थित एक ब्यूटी पार्लर कर्मचारियों पर महिला के परिजनों ने छेड़खानी व बदसलूकी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सारा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग अलग करके घटनास्थल का जायजा लिया। ब्यूटी पार्लर में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लिया। नौचंदी थाने की पुलिस का कहना है कि दोनों तरफ से मामले की तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शास्त्रीनगर एच ब्लॉक में आशु खरबंदा का खरबंदा मेकअप स्टूडियो है। इसके साथ ही उनका ब्यूटी पार्लर भी है। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर 2 बजे शास्त्री नगर जी ब्लाक निवासी आस्ट्रेलिया से आई महिला भतीजी के साथ मेकअप कराने के लिए ब्यूटी पार्लर पहुंची। आरोप है कि मेकअप करने वालों ने महिला के साथ आई भतीजी के साथ बदसलूकी कर दी। आस्ट्रेलिया से आई महिला ने विरोध किया तो उन्होंने उनके साथ गाली-गलौज कर दी। महिला ने फोन करके अपने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने विरोध किया तो आरोप है कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह से दोनों पक्षों को अलग किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। नौचंदी थाने के इंस्पेक्टर इलम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। घटना की वीडियो फुटेज को भी देखा जा रहे हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ब्यूटी पार्लर संचालक आशु खरबंदा का कहना है कि पैसों को लेकर उनकी कहासुनी हुई। जिस समय यह घटना हुई, उस समय पार्लर में उनकी पत्नी भी मौजूद थी। बदसलूकी का कोई मामला नहीं है। पूरी घटना सीसीटीवी से स्पष्ट हो जाएगी।
हल्दी की रस्म में तैयार होने आई थी ब्यूटी पार्लर
आस्ट्रेलिया से आई महिला श्वेता ने बताया कि दो दिन पहले उनके भतीजे की सगाई संपन्न हुई है। 24 नवंबर को बारात गाजियाबाद जानी है। शुक्रवार शाम को उनके भतीजे की हल्दी रस्म का कार्यक्रम था। वह अपनी भतीजी दिशा जिंदल के साथ हल्दी की रस्म के लिए तैयार होने ब्यूटी पार्लर गयी थी। वहां पर मौजूद कर्मचारियों ने उनके साथ बदसलूकी की। जब विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गयी। मामले में उन्होंने नौचंदी थाने पर तहरीर दी है।

