जनवाणी संवाददाता |
- नगर पालिका की निर्माणाधीन सड़क से जाने से रोका था
शामली: शहर के मोहल्ला पंसारियान पीरवाली गली में ठेकेदार प्रमोद शर्मा नगर पालिका द्वारा बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य करा रहे हैं। मंगलवार को मिस्त्री मजदूर वहां सड़क निर्माण कार्य में लगे हुए थे। दोपहर के समय एक ई-रिक्शा चालक वहां पहुंचा तथा बनाई गई सड़क से ही ई-रिक्शा ले जाने का प्रयास किया तो वहां काम कर रहे मिस्त्रियों व मजदूरों ने उसे रोक दिया।
जिसको लेकर वहां कहासुनी हो गई। उस समय तो ई-रिक्शा चालक वहां से चला गया लेकिन कुछ देर बाद करीब दो दर्जन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा तथा मिस्त्रियों व मजदूरों पर लाठी, डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। शोर शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घायलों ने मामले की सूचना तुरंत ठेकेदार प्रमोद शर्मा को दी जिस पर वह मौके पर पहुंचे तथा घायलों को लेकर पहले नगर पालिका ईओ से मिले तथा घटना की जानकारी दी। ईओ के कहने पर सभी लोग कोतवाली पहुंचे तथा ई-रिक्शा चालक व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

