जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के वन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अरूण कुमार सक्सेना ने कहा कि आगामी 8 अगस्त से 15 अगस्त तक हरिशंकरी सप्ताह मनाया जायेगा। साथ ही 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 5 करोड़ पौधों का रोपण व अमृत वन की स्थापना करायी जायेगी। उन्होंने कहा कि अमृत वन की स्थापना के लिए 43003 स्थल चयनित किये जा चुके हैं। इन स्थलों पर 34 लाख 23 हजार 911 पौधों का रोपण किया जाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि पौधरोपण के साथ ही पौधों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जाये।
वन मंत्री शुक्रवार को वन मुख्यालय पर हरिशंकरी सप्ताह एवं अमृत वन की स्थापना की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को झंडारोहण और राष्ट्रगान के पश्चात समस्त ग्राम पंचायतों में आजादी के अमृत महोत्सव के लिए चयनित स्थलों पर वृक्षारोपण किया जाये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम सभा व शहरी निकाय में अमृत वन की स्थापना कराई जानी है। अमृत वन में 75 स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जायेगा, जिसमें पीपल, पाकड़, नीम, बेल, आंवला, आम, कटहल एवं सहजन के पौधों के रोपण को वरीयता दी जाये।
वन मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में सरकारी, गैरसरकारी संस्थायें, लोकभारती, रोटरी क्लब आदि की सहभागिता प्रमुखता से सुनिश्चित कराई जाये। उन्होंने निर्देश दिए कि हरिशंकरी रोपण सप्ताह की सुगम आयोजन के लिए वन विभाग द्वारा समस्त मण्डल मुख्यालयों पर स्थानीय सामाजिक संगठनों के साथ बैठक कर समय से आवश्यक तैयारियां पूर्ण करा ली जाये।

