- कोरोना के चलते केंद्र निर्धारण और प्रयोगात्मक परीक्षाओं में भी हो रही देरी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानि यूपी बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2019-20 की परीक्षा भले ही कोरोना संक्रमण शुरु होने से पहले ही कुशलतापूर्वक संपन करा ली हो,लेकिन सत्र 2020-21 की प्रक्रिया लेट होती नजर आ रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि अभी तक बोर्ड परीक्षा फार्म भरने का काम ही चल रहा था और शासन की ओर से अभी तक केंद्र निर्धारण की नीति भी नहीं जारी की गई हैं, जबकि हर साल अक्टूबर माह में ही केंद्र निर्धारण का कार्य शुरु कर दिया जाता था और दिसंबर माह में प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरु होने के साथ ही परीक्षा की तिथि जारी कर दी जाती थी।
अभी तक यह प्रक्रिया शुुरु नहीं हो सकी है। वहीं परीक्षा केंद्रों की आधारभूत सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड करने का काम भी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से अभी तक शुरु नहीं किया गया है। क्योंकि माध्यमिक शिक्षा विभाग यूपी बोर्ड से आदेश मिलने का इंतजार कर रहा है।
यह थी पिछले साल की प्रक्रिया
पिछले साल स्कूलों के प्रधानाचार्यो ने 20 सितंबर तक कमरे, सीट, पेयजल आदि से जुड़ी सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड कर दी थी, जिनका सत्यापन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से कराया गया था। यह प्रक्रिया अक्टूबर के पहले सप्ताह तक पूरी कर ली गई थी। नवंबर की शुरुवात में इसकी जानकारी परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की गई थी।
जिसके आधार पर बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया था। मगर इस वर्ष कोरोना संक्रमण का असर यूपी बोर्ड दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं पर दिखाई दे रहा है। इसलिए संभावनाएं की जा रही है कि केंद्र निर्धारण का कार्य गत वर्षो की भाति ही किया जाएगा,लेकिन सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने की वजह से इस वर्ष हर जिले में केंद्रों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
समय पर नहीं हो सकेंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
बता दें कि केंद्र निर्धारण के कार्य में करीब डेढ़ माह का समय लग जाता है,लेकिन अभी तक यह प्रक्रिया शुरु नहीं हो सकी हैं,ऐसे में लाजिमी है कि प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी समय पर शुरु नहीं हो सकेंगी। गत वर्ष प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 दिसंबर से शुरु होकर 15 जनवरी तक चली थी। मगर इस वर्ष यह परीक्षाएं फरवरी में शुरु होने के आसार नजर आ रहे हैं,जो कि मार्च तक चलने की उम्मीद है। ऐसे में लाजिमी है कि बोर्ड परीक्षाएं अप्रैल में ही शुरु हो सकेंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश कुमार चौधरी का कहना है कि केंद्र निर्धारण के लिए शासन के आदेशा का इंतजार है,जिसके बाद यह प्रक्रिया शुरु की जाएगी।

