जनवाणी संवादाता |
बेहट: कोतवाली क्षेत्र के गांव रुहलका निवासी जगन पुत्र माठुराम का हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्व विभाग की टीम द्वारा की गई कार्रवाई की वजह से जगन की मृत्यु हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम जगन मजदूरी करने के लिए गांव से बाहर गया हुआ था।
मृतक की माता मीना एवं पुत्र दिनेश कुमार का आरोप है कि राजस्व विभाग की टीम की कार्यवाही के बाद जब जगन वापस अपने गांव आया तो उसने देखा कि उसके छप्परनुमा मकान जलकर खाक हो गए तो उससे सदमा बर्दाश्त नहीं हुआ और उसे हार्ट अटैक आ गया जिसकी वजह से उसकी मृत्यु हो गई।
जिसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया जिसकी सूचना मिलते ही एसडीएम दीप्ती देव पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय पाल सिंह थाना मिर्जापुर थाना फतेहपुर एवं थाना बेहट पुलिस मौके पर पहुंची थी और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने।
हंगामा कर रहे ग्रामीणों के बीच भाजपा नेता पूर्व विधायक महावीर सिंह राणा विजेंद्र सिंह कश्यप जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह सैनी सुधीर राणा विनय चौहान आदि लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। मृतक के परिजनों ने एसडीएम दीप्ती देव पुलिस क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में मांग रखते हुए कहा कि मृतक क्या के परिजनों को मुआवजा मिले और पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे वापस किए जाएं।
एसडीएम एवं जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद पुलिस ने मृतक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा का कहना है कि राजस्व विभाग की टीम द्वारा की गई कार्रवाई एवं पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे में मृतक एवं उसके परिजनों का कोई लेना देना नहीं है और इस प्रकरण से मृतक का कोई संबंध नहीं है।

