- किसानों ने थाने पहुंच कर किया हंगामा
जनवाणी संवाददाता |
नहटौर: ग्राम जरीफपुर चतर में किसानों द्वारा गांव में भाजपाइयों का प्रवेश वर्जित है का बोर्ड लगानी की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर जाकर बोर्ड पुतवा दिया और एक किसान नेता पूर्व प्रधान को हिरासत में लेकर थाने आ गई। जिसका पता चलने पर सैकड़ों की संख्या में किसान थाने पर पहुंच गए।
किसानों की कोतवाल से तीखी नोकझोंक हुई, जिस पर कोतवाल ने एक किसान को चीर डालने की बात कही। इस पर किसान भड़क गए और किसान यूनियन जिंदाबाद के नारे थाने में लगाने लगे। हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए किसान को छोड़ दिया।
क्षेत्र के ग्राम जरीफपुर चतर में किसानों ने गांव में भाजपाइयों का प्रवेश वर्जित है का बोर्ड लगा दिया। जिसकी सूचना नगर पुलिस को मिली। सूचना पाकर कोतवाल जय कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे और उन्होंने बोर्ड को पुतवा दिया व पूर्व प्रधान किसान नेता ब्रह्मपाल सिंह को हिरासत में लेकर थाने आ गए।
मामले की सूचना अन्य किसान नेताओं को मिली जिसके बाद वह सैकड़ों की तादाद में किसान नहटौर थाना कोतवाली पहुंचे और पुलिस द्वारा गुंडागर्दी करने की बात कही। यह सुनकर कोतवाल जय कुमार सिंह भड़क गए और एक किसान को चीर डालने तक की बात कह डाली।
जिस पर किसानों ने थाने में हंगामा काट दिया और किसान एकता जिंदाबाद के जमकर नारे लगाए। पुलिस ने मामले को देखते हुए नेताओं को समझाना शुरू किया। जिसके बाद पुलिस द्वारा उन्हें बोर्ड न लगाने के लिए कहा गया। किसान नेताओ ने कहा कि अब गांव में भाजपाइयों का प्रवेश वर्जित है।
इस तरह का बोर्ड नहीं लगाएंगे बल्कि जो भी भाजपाई गांव में आए वह हमारी मांगे पूरा कराएं इस तरह का बोर्ड लगाएंगे। पुलिस और किसानों के बीच वार्ता होने के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए किसान को छोड़ दिया।
इस मौके पर किसान नेता कैलाश लांबा, संजीव चौधरी, सुरेश चौधरी, मनोज कुमार, विजय पाल सिंह, राकेश शर्मा, विकास कुमार, कुलदीप चौधरी, ब्रह्मपाल सिंह, सत्येंद्र चौधरी, संदीप कुमार, कुलदीप राठी, वीर सिंह, लोकेंद्र डोडवाल, चंद्रवीर सिंह आदि सैकड़ों की तादाद में किसान नेता मौजूद रहे।

