जनवाणी संवाददाता |
शामली: किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब तीन कृषि बिल वापसी की बात सोची होगी, तो कल्पना की होगी कि वे जैसे ही टीवी पर आकर बिल वापसी का ऐलान और किसानों से वापस लौट जाने की अपील करेंगे तो किसान उनकी जय-जयकार करते हुए वापस लौटने लगेंगे।
आनन-फानन में दिल्ली के चारों तरफ की सड़कें खाली हो जाएंगी। लेकिन वैसा कुछ नहीं हुआ बल्कि उल्टा हुआ जिसके बारे में सोचा तक नहीं था।
किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर अविश्वास जताते हुए कहा कि उनकी टीवी पर कही बातों पर हम यकीन नहीं करते।
बताइये पंद्रह लाख रुपये मिले किसी को? जयकारे लगाना तो दूर किसानों ने उन्हें ही झूठा और वादा फरामोश साबित कर दिया। तीनों कृषि बिल वापसी के ऐलान के बाद भी किसानों का आंदोलन में डटे रहना मोदी की साख के लिए इतना ज्यादा घातक है कि सोचा भी नहीं जा सकता।

