- उत्कृष्ठ कार्य करने वाले किसानों को सदर विधायक ने बांटे प्रमाण-पत्र
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: उत्तर प्रदेश सरकार के सफलता पूर्वक चार वर्ष पूरे होने पर मिशन किसान कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड स्तरीय कृषक गोष्ठी एवं मेला कार्यक्रम का विकास भवन के परिसर में आयोजन किया गया। मेले में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले किसानों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण पत्र बांटे गए।

उत्तर प्रदेश सरकार के सफलतापूर्वक चार वर्ष पूरे होने पर मिशन किसान कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड स्तरीय कृषक गोष्ठी एवं मेला का ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल क्षेत्र में स्थानीय विकास भवन के परिसर में सुबह 10 बजे जिला अधिकारी रमाकांत पांडे की अध्यक्षता तथा विधायक सूची चौधरी की मुख्य अतिथिता में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त करते हुए सदर विधायक सूची चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए प्रदेश को विकास की चरम प्रगति पर पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि विकास से संबंधित लगभग 46 कार्यक्रमों में वर्तमान सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा देश में प्रथम उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया गया है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के पी सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा जिला कृषि अधिकारी डा. अवधेश कुमार मिश्रा ने शासन द्वारा किसानों के कल्याण अर्थ चलाई जा रही योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी रमाकांत पांडे तथा मुख्य अतिथि सूची चौधरी द्वारा कृषि तथा अन्य विकास कार्यक्रमों एवं योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं टूलकिट्स वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के पी सिंह, जिला कृषि अधिकारी डा. अवधेश कुमार मिश्र, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक के अलावा जनप्रतिनिधि संबंधित विभागीय अधिकारी तथा भारी संख्या में कृषक एवं लाभार्थी मौजूद थे।

