जनवाणी संवाददाता |
सरूरपुर: पांचली बुजुर्ग गांव में प्रधान पद के प्रत्याशी द्वारा वोटरों को लुभाने के लिए बांटी जा रही मिठाई के मामले में पुलिस ने संज्ञान लेते हुए प्रत्याशी व उसके भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि पांचली बुजुर्ग एक सूचना के आधार पर प्रधान पद के प्रत्याशी व वर्तमान प्रधान के प्रति शहजाद अली व उनके भाई गुलबहार के खिलाफ गुरुवार को शिकायत आई थी कि वोटरों को लुभाने के लिए मिठाई बांट रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रधान पद के प्रत्याशी के मकान पर छापा मारा तो वहां पुलिस को भट्टी चलती हुई मिली और मिठाई बन रही थी। इसे लेकर पुलिस ने फोटोग्राफी करते हुए प्रत्याशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर आचार संहिता का उल्लंघन, वोटरों को लुभाने के मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रधान पति शहजाद अली ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने दूसरे प्रत्याशी के इशारे पर यह कार्यवाही की है, जबकि अन्य प्रत्याशी भी खुलेआम मिठाई बांट रहे हैं।

