जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: प्रकाश कुंज विहार कॉलोनी, निकट स्टेट बैंक, थाना ननौता क्षेत्र में स्थित एक गोदाम में रविवार को आग लग गई। आग लगने की सूचना 10 जनवरी 2026 को प्राप्त होते ही थाना रामपुर, थाना गंगोह और फायर स्टेशन देवबंद से एक-एक मोटर फायर इंजन तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि गोदाम में रखे मूंगफली से भरे बोरे, दोना-पत्तल, मिठाई के डिब्बे और अन्य सामग्री आग की चपेट में आ चुके थे। दमकल कर्मियों ने तुरंत होज पाइप और पम्पिंग की मदद से आग पर काबू पाया। फायर हुक और फावड़ों की सहायता से आग को कुरेदकर प्रभावी ढंग से बुझाया गया।
इस अग्निकांड में कच्ची और पकी हुई मूंगफली, चना दाना, क्रोकरी का सामान, दोना-पत्तल आदि जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

