- पूरे जनपद में वृहद स्तर पर चलाया गया सैनेटाइजेशन अभियान
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही जिलाधिकारी के आदेश पर दमकल विभाग और नगर पालिका परिषद ने लॉकडाउन अवधि में शहर और देहात क्षेत्र में सैनेटाइजेशन और फोगिंग अभियान चलाया। साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क पहनने की अपील की।

शनिवार को ही जिलाधिकारी जसजीत कौर ने 35 घंटे के लॉकडाउन की घोषणा की थी। साथ ही नगर पालिका, नगर पंचायतों व ग्राम पंचायतों को सैनेटाइजेशन व फोगिंग के आदेश दिए थे। जिसके चलते रविवार को दमकल विभाग की टीम और नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने शहर में हनुमान रोड, मिल रोड, नेहरू मार्किट, एमएसके रोड, वर्मा मार्किट, वीवी इंटर कॉलेज रोड, दिल्ली रोड, कैराना रोड, झिंझाना रोड, बड़ा बाजार, गांधी चौक समेत हॉट स्पॉट ऐरिया में सैनेटाइजेशन किया।
वहीं ब्लॉक कार्यालय, अस्पताल समेत कई सरकारी कार्यालयों में दमकल टीम ने सैनेटाइजेशन किया। वहीं नगर पालिका टीम ने गली मोहल्लो में फोगिंग अभियान चलाया। जिसमें वार्ड 23 के सभासदपति निशीकांत संगल, वार्ड 25 के सभासदपति रोबिन गर्ग ने नगर पालिका टीम को साथ लेकर अपने वार्ड समेत कई मोहल्लों में सैनेटाइजेशन, फोगिंग और साफ-सफाई अभियान चलाया।

ग्राम पंचायतों में चलाया गया सैनेटाइजेशन अभियान
डीपीआरओ आलोक शर्मा के निर्देश में जनपद के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में बड़े स्तर पर सफाई एवं सैनेटाइजेशन अभियान चलाया गया। डीपीआरओ ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण के दृष्टिगत जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देश पर सफाई एवं सैनेटाइजेशन अभियान चलाया गया है।

