- मेरिट में नंबर आने पर तुरंत करा लें प्रवेश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चौधरी चरण सिंह विवि व उससे संबंधित कॉलेजों में स्नातक प्रथम के लिए 5 अक्टूबर के बाद से प्रवेश प्रक्रिया शुरु होने जा रही है। विवि की ओर से 5 अक्टूबर को पहली मेरिट जारी की जाएगी। जिसके प्रवेश 30 अक्टूबर तक चलेंगे। क्योंकि यूजीसी की ओर से 30 अक्टूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर एक नवंबर से नया सत्र शुरु करने के आदेश सभी राज्य विवि को दिए गए है।
बता दें कि सीसीएसयू स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए 5 अक्टूबर को मेरिट जारी करेगा। इस वर्ष सत्र 2020-21 में स्नातक प्रथम वर्ष में दो लाख से अधिक सीटों पर प्रवेश के लिए एक लाख 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरु होने जा रही है।
इसलिए अभ्यर्थी अपने डॉक्यूमेंट तैयार कर लें ताकि बाद में परेशानी न हो। वहीं अभ्यर्थी पहली मेरिट में पसंद का कॉलेज मिलने पर हर हाल में प्रवेश करा लें। कॉलेज बदलने के चक्कर में न पड़े। विवि इस वर्ष दो मेरिट जारी करेगा। उसके बाद ओपन मेरिट से प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है। ऐसे में पहली मेरिट में आवंटित कॉलेज छोड़ने पर मुश्किल बढ़ सकती है।

