- नदी किनारे झाड़ियों की सफाई के लिए चलाया विशेष अभियान
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: नगर निगम द्वारा पांवधोई सफाई अभियान के तहत बुधवार को नदी की सफाई के साथ ही नदी किनारे की झाड़ियों को साफ करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। दाल मण्डी पर कूड़ा डालने वाले एक व्यक्ति का भी चालान किया गया। उधर नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने नगर निगम के पांवधोई सफाई अभियान में लोगों से सहयोग करने की अपील की है।
नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज के निर्देश पर नगर निगम द्वारा 9 नवम्बर से शुरु किये गए पांवधोई नदी सफाई अभियान के तहत जेडएसओ राजीव चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को भी पुल खुमरान से पुल दाल मण्डी तक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान झाड़ियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल व चंद्रपाल ने स्वयं अपनी देखरेख में नदी किनारे खड़ी झाड़ियों की कटायी-छंटाई का कार्य कराया। सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने भी नदी की सफाई और झाड़ियों की कटाई का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि झाड़ियों व पेड़ों की छंटाई-कटाई के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाए कि उनका प्राकृतिक सौंदर्य समाप्त न हो।
उधर नदी की निगरानी कर रहे प्रवर्तन दल ने आज पुल दालमण्डी पुल पर कूड़ा डाल रहे एक व्यक्ति पर पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया। सहायक नगरायुक्त ने लोगों को चेतावनी दी कि नदी में कूड़ा कचरा न डालकर निगम के कर्मचारियों को गीला-सूखा अलग-अलग करके दें। उन्होंने लोगों से अपने घरों में डस्टबिन रखने की भी अपील की।

